फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Biz Updates: घटिया अंडे बेचने के आरोप पर एफएसएसएआई सख्त; चीन खरीदेगा 200 विमान, बोइंग ने ऑर्डर की पुष्टि की

Sat, 16 May 2026 04:47 AM IST
Jyoti Bhaskar बिजनेस डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
बिजनेस न्यूज एंड अपडेट्स - फोटो : amarujala.com
विज्ञापन
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट को घटिया गुणवत्ता वाले अंडे बेचने की शिकायतों पर नोटिस भेजा है। सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर कई ग्राहकों ने ब्लिंकिट से मिले अंडों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। शिकायतों में कहा गया कि ये अंडे बदबूदार और रबर जैसी बनावट वाले हैं, जो इंसानी उपभोग के लिए असुरक्षित हैं। एफएसएसएआई ने ब्लिंकिट को इस मामले में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। कंपनी को सात दिनों के भीतर एक व्यापक कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) सौंपनी होगी। इसमें ई-कॉमर्स फूड बिजनेस ऑपरेटरों की जिम्मेदारियों के पालन का विवरण भी देना होगा। सूत्रों का कहना है कि अनुपालन न करने पर एफएसएस एक्ट 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ब्लिंकिट की ओर से इस पर कोई टिप्पणी नहीं आई है।
विज्ञापन


चीन खरीदेगा 200 विमान, बोइंग ने ऑर्डर की पुष्टि की
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के शिखर सम्मेलन के बाद बोइंग को चीन से ऑर्डर मिला है। शुक्रवार को 200 विमानों के लिए इस समझौते का एलान खुद ट्रंप ने किया था। ट्रंप ने बताया कि चीन ने 750 बोइंग विमान खरीदने का अधिकार भी सुरक्षित रखा है। डील होने के बाद यह बीते एक दशक में पहली बड़ी बिक्री होगी। बोइंग ने 200 विमानों के ऑर्डर की पुष्टि की, लेकिन विमानों के प्रकार या अन्य विवरण साझा नहीं किए। बोइंग ने कहा कि चीन यात्रा सफल रही। बता दें कि बोइंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी केली ऑर्टबर्ग भी ट्रंप के साथ बीजिंग गए थे। यात्रा का  मुख्य लक्ष्य चीनी बाजार को बोइंग विमानों के ऑर्डर के लिए फिर से खोलना था।

जेईई, नीट में चयन के भ्रामक दावे, दो कोचिंग पर जुर्माना
उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने जेईई और नीट परीक्षा परिणामों से जुड़े भ्रामक विज्ञापन प्रकाशित करने के मामले में मोशन एजुकेशन प्रालि. पर 10 लाख रुपये और सीकर स्थित करियर लाइन कोचिंग (सीएलसी) पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। सीसीपीए की मुख्य आयुक्त निधि खरे और आयुक्त अनुपम मिश्रा के आदेश में भ्रामक विज्ञापन को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत अनुचित व्यापार व्यवहार और उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन माना गया। मोशन एजुकेशन ने अपने विज्ञापनों में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में 91.2 प्रतिशत और आईआईटी-जेईई एडवांस्ड परीक्षा में 51.02 प्रतिशत सफलता दर का दावा किया था। जबकि ऐसा नहीं था।
विज्ञापन

पाकिस्तान ने चीन में जारी किया अपना पहला पांडा बॉन्ड
पाकिस्तान ने चीनी पूंजी बाजार में प्रवेश करते हुए अपना पहला पांडा बॉन्ड जारी किया है। इसके जरिये पाकिस्तान ने करीब 25 करोड़ अमेरिकी डॉलर जुटाए हैं। पांडा बॉन्ड विदेशी संस्थाओं द्वारा चीन के घरेलू बाजार में जारी किए जाने वाले युआन-मूल्यवर्ग के बॉन्ड होते हैं। पाकिस्तानी वित्त मंत्री के सलाहकार खुर्रम शहजाद के अनुसार, तीन साल में परिपक्व होने वाले इस बॉन्ड पर 2.5 फीसदी ब्याज दर तय की गई है। इस बॉन्ड को निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला है।
विज्ञापन

IDFC बैंक 590 करोड़ की धोखाधड़ी: हरियाणा सरकार ने सीबीआई जांच को मंजूरी दी, क्या करेगी केंद्रीय एजेंसी?
हरियाणा सरकार ने 590 करोड़ रुपये के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक धोखाधड़ी मामले में पांच भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों की कथित भूमिका की सीबीआई जांच को हरी झंडी दे दी है। यह अनुमति भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17ए के तहत दी गई है। सूत्रों के अनुसार, सरकार की मंजूरी के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो अब इन अधिकारियों से पूछताछ कर सकता है। सीबीआई ने आरोपियों के बयानों के आधार पर इन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया था। जांचकर्ता सरकारी धन को निजी बैंकों में जमा करने की प्रशासनिक स्वीकृतियों की जांच कर सकते हैं। सीबीआई ने 14 मई, 2026 को चंडीगढ़ और पंचकूला में तलाशी ली और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के अधिकारियों ने सरकारी कर्मचारियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी से सरकारी धन का गबन किया है। इस मामले में अब तक 16 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मामला फरवरी 2026 में सामने आया। एक जांच समिति ने अनियमितताएं पाईं, जिसके बाद 23 फरवरी को पंचकूला में एफआईआर दर्ज कर मामला सीबीआई को सौंप दिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें