एफडीआई: प्रतिबंधित कंपनियां जारी कर सकती हैं बोनस शेयर
भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश यानी एफडीआई के लिए प्रतिबंधित कंपनियां भी पहले से मौजूद अपने विदेशी निवेशकों को बोनस शेयर जारी कर सकती हैं। हालांकि, बोनस शेयर जारी करने पर मौजूदा विदेशी निवेशकों की शेयरधारिता में कोई बदलाव नहीं होना चाहिए। उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने कहा, बोनस शेयर जारी करते समय लागू नियमों, कानूनों और निर्देशों का पालन होना चाहिए।
डीपीआईआईटी ने मंगलवार को कहा, देश में अधिकतर क्षेत्रों में ऑटोमैटिक रूट से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में विदेशी निवेश पर पूरी तरह पाबंदी है। इनमें लॉटरी, जुआ-सट्टेबाजी, चिटफंड, तंबाकू, सिगार और सिगरेट निर्माण आदि हैं।
हल्दीराम की नागपुर व दिल्ली इकाई का विलय
हल्दीराम की नागपुर और दिल्ली शाखाओं को मिलाकर हल्दीराम स्नैक्स फूड प्राइवेट लिमिटेड बनाने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। कंपनी के सीईओ कृष्ण कुमार चुटानी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर कहा, हल्दीराम के सफर का नया अध्याय शुरू हो गया है।
विरोध पर माइक्रोसॉफ्ट से हटाए गए 2 कर्मचारी
माइक्रोसॉफ्ट ने उन दो कर्मियों को नौकरी से हटा दिया, जिन्होंने कंपनी की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर बाधा पैदा कर इस्राइली सेना को एआई तकनीक देने का विरोध किया था। इब्तिहाल अबुसाद को नौकरी से हटाने के पत्र में कदाचार का आरोप लगाया गया जबकि वनिया अग्रवाल ने पहले ही अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी, लेकिन उसे पांच दिन पहले ही नौकरी छोड़ने को कहा गया।
व्यापार युद्ध बढ़ा तो 40 डॉलर से भी नीचे जा सकता है कच्चा तेल
व्यापार युद्ध के भड़कने और आपूर्ति बढ़ने के कारण कच्चे तेल का भाव 40 डॉलर प्रति बैरल से भी नीचे जा सकता है। गोल्डमैन सैश ने एक रिपोर्ट में कहा, वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में मंदी और ओपेक व उनके सहयोगी देशों की ओर से आपूर्ति में फिर से कटौती करने की योजना से ब्रेंट क्रूड 2026 के अंत में 40 डॉलर से थोड़ा नीचे आ जाएगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह दृष्टिकोण गोल्डमैन सैश के वर्तमान नजरिये का प्रतिनिधित्व नहीं करता है। फिलहाल का अनुमान यह है कि दिसंबर तक कच्चा तेल 55 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकता है। ट्रंप प्रशासन की ओर से व्यापार युद्ध बढ़ाने, चीन सहित कई देशों की जवाबी कार्रवाई के कारण हाल के सत्रों में वैश्विक तेल बाजार में उथल-पुथल मची है। गोल्डमैन के विश्लेषकों ने कहा, इससे मंदी का जोखिम बढ़ गया है और ऊर्जा खपत के लिए विपरीत परिस्थितियां पैदा हो गई हैं। ब्रेंट क्रूड सोमवार को 64 डॉलर प्रति बैरल था।
चार सरकारी बैंकों ने 0.35 फीसदी तक सस्ता किया कर्ज, और बैंक भी घटा सकते हैं ब्याज
आरबीआई की ओर से दरों में कटौती के बाद इंडियन बैंक समेत चार सरकारी बैंकों ने कर्ज 0.35 फीसदी तक सस्ता कर दिया है। इंडियन बैंक ने ब्याज दर 0.35 फीसदी घटाकर 8.70 फीसदी कर दी है। नई दर 11 अप्रैल से लागू होगी। बैंक ऑफ इंडिया की नई दर 9.10 फीसदी से घटकर 8.85 फीसदी और यूको बैंक की 8.8 फीसदी होगी। दोनों बैंकों की नई दरें 9 अप्रैल से लागू हो गई हैं। वहीं, पंजाब नेशनल बैंक ने कर्ज की दर 9.10 फीसदी से घटाकर 8.85 फीसदी कर दी है, जो 10 अप्रैल से लागू होगी। आने वाले समय में और भी बैंक कटौती कर सकते हैं।
कोटक बैंक ने जमा पर 0.15 फीसदी घटाई दर
कोटक महिंद्रा बैंक ने अलग-अलग अवधि के फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर 0.15 फीसदी तक ब्याज घटा दिया है। जून, 2024 के बाद बैंक की यह पहली कटौती है। नई दर 9 अप्रैल से लागू है। अब इसके एफडी की दर 2.75 फीसदी से 7.30 फीसदी के बीच होगी।
हितों के टकराव पर समीक्षा को उच्च स्तरीय समिति बनी
सेबी ने बुधवार को अधिकारियों के हितों के टकराव की जानकारी देने से जुड़े प्रावधानों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की है। पूर्व मुख्य सतर्कता आयुक्त प्रत्यूष सिन्हा की अध्यक्षता में गठित समिति सेबी के भीतर पारदर्शिता, जवाबदेही सुनिश्चित करने को सुझाव देगी।
ब्लू स्टार ने फाइल की उत्पादों के नए पेटेंट
ब्लू स्टार ने उत्पादों के लिए कई पेटेंट और डिजाइन फाइल किया है। कंपनी के एमडी बी थ्यागराजन ने कहा, व्यावसायिक रेफ्रिजरेशन उत्पादों की एक विशाल रेंज लॉन्च की है। ये उत्पाद विभिन्न रेफ्रिजरेशन जरूरतों को पूरा करने को बनाए गए हैं।