यूको बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 147.09 फीसदी बढ़कर 551 करोड़ रुपये पहुंच गई। कुल कारोबार भी 11.46 फीसदी बढ़कर 4,61,408 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस अवधि में बैंक का सकल एनपीए 4.48 फीसदी से घटकर 3.32 फीसदी रह गया।
खाद्य सचिव का उद्योगों को आश्वासन-चीनी एमएसपी बढ़ाने पर फैसला जल्द
केंद्रीय खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने चीनी उद्योगों को आश्वस्त किया कि सरकार अगले कुछ दिनों में चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने पर फैसला ले सकती है। राष्ट्रीय सहकारी चीनी मिल संघ और अन्य उद्योग निकाय एमएसपी बढ़ाकर 42 रुपये प्रति किलोग्राम करने का आग्रह कर रहे हैं। खाद्य सचिव ने अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ की तरफ से आयोजित सम्मेलन में कहा, आने वाले दिनों में कोई फैसला होने की उम्मीद है। गन्ना किसानों को दिए जाने वाले उचित एवं लाभकारी मूल्य में वार्षिक बढ़ोतरी के बावजूद 2019 से चीनी का एमएसपी 31 रुपये प्रति किलोग्राम पर ही बना हुआ है। कार्यक्रम में मौजूद जी-20 शेरपा अमिताभ कांत ने चीनी क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक पूर्वानुमान और स्थिरता नीति की वकालत की। उन्होंने कहा कि ऐसा न होने पर इस क्षेत्र के लिए मुश्किलें बढ़ेंगी।
सोने पर विभिन्न कर कटौती पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस ने केंद्रीय बजट में सोने पर विभिन्न करों में भारी-भरकम कमी किए जाने के आर्थिक औचित्य पर सवाल उठाए। पार्टी ने यह टिप्पणी कोटक महिंद्रा के प्रबंध निदेशक और सीईओ नीलेश शाह के केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से यह आग्रह करने के बाद की है कि सीमा शुल्क में कटौती और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय कीमतों के मद्देनजर सोने के आयात बिल में किसी भी उछाल पर नजर रखी जाए। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, शाह प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य भी हैं। सोने के आयात पर शाह की ताजा टिप्पणी पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। रमेश ने कहा कि कृषि अवसंरचना और विकास उपकर में कटौती के साथ ही सोने पर कुल कर (जीएसटी सहित) प्रभावी रूप से 18.5 प्रतिशत से घटकर 9 प्रतिशत हो गया है। इसका आर्थिक तर्क क्या है?
विकसित भारत लक्ष्य हासिल करने में मददगार होगा बजट
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट हर मामले में संघीय घटकों का शानदार प्रदर्शन हैं। कोई भी अर्थव्यवस्था तब बढ़ती है, जब उसके राज्य अच्छा प्रदर्शन करते हैं, क्योंकि उनका आर्थिक उत्पादन देश की कुल जीडीपी में जुड़ता है। अर्थशास्त्री संदीप वेम्पति ने कहा, मोदी सरकार ने नाजुक अर्थव्यवस्था विरासत में मिलने और अपने दूसरे कार्यकाल में तीन आर्थिक झटके झेलने के बावजूद बेहतर फैसलों व सुधारों के दम पर भारत को 10वीं से दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी जीडीपी बनाने में कामयाबी हासिल की है। इस बजट की घोषणाएं काफी मायने रखती हैं क्योंकि ये 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पाने में मददगार होंगी।
भविष्य का उद्यम बनाने पर 20 हजार करोड़ खर्च करेगी आईटीसी
आईटीसी समूह मध्यम अवधि में प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ाने और भविष्य के लिए एक उद्यम बनाने पर 20,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। समूह के चेयरमैन संजीव पुरी ने शुक्रवार को सालाना आम बैठक में कहा, सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में भारत का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। इसने न सिर्फ वैश्विक प्रतिष्ठा हासिल की है बल्कि भविष्य की संभावनाओं की ओर भी इशारा किया है। उन्होंने कहा, चार वर्षों में आईटीसी का कुल राजस्व 10.8 फीसदी की सालाना वृद्धि के साथ 79,000 करोड़ रुपये हो गया है। महामारी में बुरी तरह प्रभावित रहे होटल और सिगरेट कारोबारों में भी सुधार देखने को मिला है।
पेटीएम के एफडीआई प्रस्ताव को मंजूरी नहीं
वित्तीय सेवाओं के सचिव विवेक जोशी ने शुक्रवार को कहा, चीन से जुड़े निवेशों की निगरानी करने वाली अंतर-मंत्रालयी समिति ने अभी तक पेटीएम की भुगतान एग्रीगेटर इकाई में एफडीआई प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है। इस पर जल्द ही फैसला होने की उम्मीद है।
रिकॉर्ड: विदेशी मुद्रा भंडार 4 अरब डॉलर बढ़ा
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 19 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 4 अरब डॉलर बढ़कर 670.857 अरब डॉलर की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। आरबीआई के मुताबिक, इस दौरान विदेशी मुद्रा संपत्ति 2.57 अरब डॉलर बढ़कर 588 अरब डॉलर पहुंच गई। स्वर्ण भंडार भी 1.32 अरब डॉलर बढ़ा है।
सोना महंगा, चांदी में भी 400 रुपये की बढ़ोतरी
तीन सत्रों से जारी गिरावट से उबरकर सोना शुक्रवार को 50 रुपये महंगा होकर 70,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी भी 400 रुपये महंगी होकर 84,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। कॉमेक्स में सोना 2,416.4 डॉलर प्रति औंस रहा।