शेयर बाजार, कारोबार और वाणिज्य जगत की अहम खबरें
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
सरकार ने टाटा, ह्यूंडई और एपल सहित 100 से अधिक कॉरपोरेट्स के साथ-साथ यूनिकॉर्न से विनिर्माण क्षेत्र के स्टार्टअप के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने की अपील की है। डीपीआईआईटी ने कॉरपोरेट्स इनक्यूबेशन व एक्सेलेरेशन पर कंपनियों के साथ हैंडबुक साझा की है।
उद्योग संवर्धन व आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) के एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा, हमने 100 से अधिक कॉरपोरेट्स से अपने विनिर्माण इनक्यूबेटर रखने का अनुरोध किया है। हमारे पास इस जगह की कमी है और हमने लगभग 50 ऐसी इकाइयां बनाने का लक्ष्य लिया है। नेशनल काउंसिल फॉर सीमेंट एंड बिल्डिंग मैटेरियल्स ने पहले ही केंद्र स्थापित कर लिया है। अधिकारी ने कहा, एक मजबूत विनिर्माण नवाचार और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देता है। स्टार्टअप और उद्यमी घरेलू स्तर पर निर्माण और नवाचार करके वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं को भारत में स्थानांतरित करने में भूमिका निभा रहे हैं। विभिन्न संस्थान जैसे शैक्षणिक और रिसर्च संस्थान इसमें भाग ले सकते हैं।
डॉलर की तुलना में रुपये में 13 पैसे की गिरावट
डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 13 पैसे कमजोर होकर 83.42 के स्तर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी से रुपये में गिरावट आई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों में डॉलर मांग बढ़ने से भी घरेलू मुद्रा पर दबाव पड़ा। हालांकि, क्रूड की कीमतों में गिरावट से इसे कुछ समर्थन मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.25 पर खुला। दिन में यह 83.23 से 83.49 के दायरे में रहा।
टीआईएल पर 2.5 करोड़ रुपये का लगा जुर्माना
बाजार नियामक सेबी ने टीआईएल लिमिटेड और उसके तीन पूर्व अधिकारियों पर फर्जी खरीद-बिक्री में शामिल होने के लिए 2.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। यह मामला 2019-20 और 2020-21 के लिए बिक्री और राजस्व को बढ़ाकर दिखाने से संबंधित है। जुर्माने की रकम 45 दिनों में भरना होगा।
एसबीएम बैंक पर 88.70 लाख जुर्माना
आरबीआई ने नियामक मानदंडों का पालन नहीं करने पर एसबीएम बैंक (इंडिया) पर 88.70 लाख रुपये जुर्माना लगाया है। इसके अलावा, बैंक को उदारीकृत प्रेषण योजना (एलआरएस) के तहत लेनदेन को तत्काल प्रभाव से रोकने को कहा है। बैंक को जारी दो अलग-अलग नोटिस में कारण बताने को कहा गया है।
विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड स्तर से नीचे
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 24 मई को समाप्त सप्ताह में 2.027 अरब डॉलर घटकर 646.673 अरब डॉलर रह गया। इससे पिछले सप्ताह यह 4.549 अरब डॉलर बढ़कर 648.7 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। विदेशी मुद्रा संपत्ति 1.51 अरब डॉलर घटी है।
एलन मस्क पर इनसाइडर ट्रेडिंग का आरोप, मुकदमा दर्ज
दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी कंपनी टेस्ला (Tesla) के मालिक एलॉन मस्क पर नए आरोप लगे हैं। टेस्ला के एक शेयरधारक ने उन पर इनसाइडर ट्रेडिंग का आरोप लगाया है। टेस्ला के शेयर धारक माइकल पेरी ने इसे लेकर उनके खिलाफ डेलवेयर चांसरी कोर्ट (Delaware Chancery Court) में एक मुकदमा दर्ज किया। याचिका में आरोप लगाया गया है कि एलॉन मस्क ने टेस्ला में अपने पद का फायदा उठाया और कंपनी के प्रति अपने कर्तव्यों का उल्लंघन किया। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक माइकल पेरी ने मांग की है कि मस्क ने इनसाइडर ट्रेडिंग के जरिए जो मुनाफा कमाया है, कोर्ट उसे लौटाने का आदेश दे।
पेरी के मुताबिक दुनिया के सबसे अमीर शख्स मस्क ने 2022 के आखिरी महीनों में टेस्ला के 750 करोड़ डॉलर के शेयर बेचे। इसके बाद टेस्ला के उत्पादन और डिलीवरी से जुड़े खराब आंकड़े सामने आए। माइकल पेरी का आरोप है कि ये आंकड़े सामने आने के पहले ही मस्क ने जानबूझकर करोड़ों डॉलर के शेयर बेचे। उसके बाद 2 जनवरी 2023 को टेस्ला की दिसंबर 2022 तिमाही के आंकड़े सामने आने के बाद कंपनी के शेयरों में बड़ी गिरावट दिखी।