यात्री विमान बनाने वाली कंपनी बोइंग को इस वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बड़ा घाटा हुआ है। कंपनी का घाटा बढ़कर 290 करोड़ डॉलर हो गया है। अब कंपनी ने कहा कि वो अपने मैक्स 737 विमानों का उत्पादन पूरी तरह से बंद कर सकती है।
किसी भी एक तिमाही में अब तक कंपनी को सबसे बड़ा घाटा हुआ है। कंपनी को 737 मैक्स विमानों को तकनीकी गड़बड़ी के कारण परिचालन सेवाओं से बाहर किए जाने के कारण यह घाटा हुआ है। कंपनी ने चेतावनी दी है कि अगर यह लंबे समय तक चला तो कंपनी को इन विमानों का उत्पादन पूरी तरह से बंद करना पड़ सकता है।
कंपनी को हालांकि, पिछले साल की इसी तिमाही में 2.2 अरब डॉलर का लाभ हुआ था। मैक्स विमानों से जुड़ी दो भीषण दुर्घटनाओं के बाद विश्वभर में इन विमानों को परिचालन सेवाओं से बाहर कर दिया गया है। इसके बाद से ही दिग्गज विमानन कंपनी मुश्किलों का सामना कर रही है, क्योंकि उसे ग्राहकों को मुआवजा देने के लिए पांच अरब डॉलर की राशि अलग रखनी पड़ी है।