दो विमान हादसों के बाद पूरी दुनिया में बंद किए गए 737 मैक्स से पहले ही जहाज बनाने वाली कंपनी बोइंग के कर्मचारियों ने 2016 में ही इसको लेकर के मजाक बनाना शुरू कर दिया था। बोइंग द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए बयान के अनुसार,कर्मचारी इस विमान के बनाने से खुश नहीं थे और आपस में मैसेज के जरिए इसका मजाक बनाते थे।
कंपनी के कर्मचारियों के आपसी संदेश जारी करने के बाद अब ग्राहकों सहित अन्य लोगों का भरोसा बोइंग से टूट सकता है। गौरतलब है कि मैक्स विमानों का परिचालन पूरी दुनिया में मार्च 2019 से बंद पड़ा है। इससे कंपनी के नए सीईओ डेविड कलहॉन को परेशानी हो सकती है, जो 13 जनवरी को पदभार ग्रहण करेंगे। इन नए खुलासों से पता चलता है कि विमान में पहले से तकनीकि खराबी थी, जिससे इसके कर्मचारी भी खुश नहीं थे। लेकिन इसके बावजूद कंपनी ने यह जानकारी पूरी दुनिया से छुपाई, जो कि एक तरह से धोखाधड़ी है।
हालांकि कंपनी ने यह दस्तावेज जारी करने के बाद सभी से माफी मांगी है। कंपनी ने कहा है कि वो एफएए, अमेरिकी कांग्रेस, ग्राहकों और हवाई यात्रियों से इस गलती के लिए माफी मांगती है।
स्पाइसजेट ने शुक्रवार को बताया कि कंपनी ने तीन बोइंग 737 मालवाहक एयरक्राफ्ट को उड़ान भरने से रोक दिया है। इस संदर्भ में कंपनी ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को बताया कि उसने इजराइली एरोस्पेस इंडस्ट्रीज की सलाह पर अमल करते हुए यह कदम उठाया है। इजराइली एरोस्पेस इंडस्ट्रीज ने ही इन विमानों को मालवाहक विमानों में तब्दील किया है।
स्पाइसजेट ने कहा कि इजराइली एरोस्पेस इंडस्ट्रीज की आंतरिक जांच में इन विमानों में लगाए गए 9जी रिजिड बैरियर के विनिर्माण की प्रक्रिया में संभावित खामी का पता चला है।