भारतीय रियल एस्टेट में निजी इक्विटी (पीई) निवेश 2025 में सालाना आधार पर 59 फीसदी बढ़कर 6.7 अरब डॉलर पहुंच गया। सेविल्स इंडिया के मुताबिक, कुल पीई निवेश का 76 फीसदी विदेशी संस्थागत पूंजी से आया। इससे यह स्पष्ट होता है कि इस वृद्धि में विदेशी निवेशकों की प्रमुख भूमिका रही। कार्यालय सेगमेंट को सबसे अधिक 2.4 अरब डॉलर का निवेश मिला, जो कुल प्रवाह का 35.3 फीसदी है।
विज्ञापन
मारुति: रिकॉर्ड 22.55 लाख गाड़ियों का उत्पादन
मारुति सुजुकी इंडिया लि. ने कैलेंडर वर्ष 2025 में 22.55 लाख गाड़ियों का रिकॉर्ड वार्षिक उत्पादन दर्ज किया। यह पिछले वर्ष की तुलना में 9.3 फीसदी अधिक है। कंपनी ने शुक्रवार को कहा, यह लगातार दूसरा वर्ष है जब सालाना उत्पादन 20 लाख इकाइयों के पार पहुंच गया। 2025 में उत्पादन के लिहाज से फ्रॉन्क्स, बलेनो, स्विफ्ट, डिजायर और अर्टिगा कंपनी के शीर्ष पांच मॉडल रहे।
बीवाईडी की प्रीमियम कार अब 50,000 रुपये महंगी
चीन की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी बीवाईडी ने भारत में अपनी एसयूवी सीलियन-7 के प्रीमियम संस्करण की कीमत में 50,000 रुपये की वृद्धि की है। कंपनी ने लागत में हो रहे बदलाव को इसकी वजह बताया। बीवाईडी इंडिया ने कहा, मूल्य वृद्धि एक जनवरी से लागू है। नई बुकिंग संशोधित कीमतों पर होगी। सीलियन-7 प्रीमियम संस्करण की कीमत 48.9 लाख से बढ़कर 49.4 लाख रुपये हो गई है।
अदाणी एंटरप्राइजेज ने पेश किया तीसरा निर्गम
अदाणी एंटरप्राइजेज लि. (एईएल) ने सुरक्षित, रेटेड और सूचीबद्ध गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) के अपने तीसरे सार्वजनिक निर्गम की घोषणा की है। इसका कुल आकार 1,000 करोड़ रुपये रखा गया है। कंपनी ने कहा, निर्गम 6 जनवरी को खुलेगा और 19 जनवरी को बंद होगा। इसमें निवेशकों को सालाना 8.90 फीसदी तक रिटर्न मिलेगा।
उद्योगों को बैंक से मिलने वाले कर्ज में 9.6 फीसदी का उछाल
उद्योगों को बैंक की ओर से दिया जाने वाला नया कर्ज नवंबर, 2025 में 9.6 फीसदी बढ़ गया, जबकि नवंबर, 2024 में यह 8.3 फीसदी था। आरबीआई के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, सालाना आधार पर 28 नवंबर, 2025 तक की दो सप्ताह की अवधि में गैर-खाद्य बैंक कर्ज में 11.4 फीसदी की वृद्धि हुई। एक साल पहले की समान अवधि में यह 10.6 फीसदी बढ़ा था।
आंकड़ों के मुताबिक, कृषि और इससे जुड़ी गतिविधियों को दिए गए ऋण में सालाना आधार पर 8.7 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। व्यक्तिगत ऋण क्षेत्र में सालाना आधार पर 12.8 फीसदी की वृद्धि रही, जबकि 2024 की समान अवधि में यह 13.4 फीसदी थी। ऑटो लोन और सोने के आभूषण बदले कर्ज में वृद्धि बनी हुई है, जबकि होम लोन और क्रेडिट कार्ड बकाया राशि में धीमी वृद्धि देखी गई। गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों और कंप्यूटर सॉफ्टवेयर जैसे क्षेत्रों में कर्ज वृद्धि में सुधार देखा गया। रियल एस्टेट क्षेत्रों में भी अच्छी वृद्धि रही।