केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह सोमवार को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत सात तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 255.30 करोड़ रुपये की लागत वाली प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
मुंबई में आयोजित होने वाले तटीय राज्यों के सम्मेलन में मंत्री समुद्री मत्स्य पालन को मजबूत करने और टिकाऊ प्रथाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रमुख पहलों का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान समुद्री मत्स्य पालन जनगणना अभियान, कछुआ बहिष्करण उपकरण (TED) परियोजना और पोत संचार और सहायता प्रणाली के लिए मानक संचालन प्रक्रिया भी जारी होगी।
इस कार्यक्रम में मत्स्य पालन व पशुपालन राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और जॉर्ज कुरियन उपस्थित रहेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उत्कृष्ट सहकारी समितियों, मत्स्यपालन कृषक उत्पादक संगठनों, मत्स्यपालन स्टार्टअप्स और जलवायु-लचीले तटीय मछली पकड़ने वाले गांवों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि योजना (पीएमएमकेएसएसवाई) के हिस्से के रूप में, लाभार्थियों को जल बीमा प्रमाणपत्र और किसान क्रेडिट कार्ड भी मिलेंगे।