महत्वपूर्ण खनिज और ऊर्जा आपूर्ति में भरोसेमंद साझेदार बनने को तैयार कनाडा
कनाडा ने भारत के साथ व्यापार और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की इच्छा जताते हुए खुद को महत्वपूर्ण खनिजों और ऊर्जा संसाधनों की आपूर्ति में एक स्थिर और भरोसेमंद साझेदार बताया है।
एक्सपोर्ट डेवलपमेंट कनाडा (EDC) के वाइस प्रेसिडेंट और ग्लोबल हेड तुषार हांडेकर ने कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की भारत यात्रा के संदर्भ में कहा कि दोनों देशों के बीच पहले से ही मजबूत व्यापारिक संबंध मौजूद हैं और इस दौरे से द्विपक्षीय व्यापार को और गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि EDC के दृष्टिकोण से भारत-कनाडा व्यापार सहयोग को आगे बढ़ाने और व्यापार प्रवाह को अधिक सुगम बनाने पर जोर रहेगा। हांडेकर के अनुसार, भविष्य में मुक्त व्यापार समझौता (FTA) होने की भी संभावना है, जो दोनों देशों के बीच व्यापार को और सहज और तेज बनाएगा।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि कनाडा, भारत के लिए महत्वपूर्ण खनिजों और ऊर्जा संसाधनों की आपूर्ति में एक विश्वसनीय और दीर्घकालिक साझेदार के रूप में अपनी भूमिका को मजबूत करना चाहता है।