भारत का खाद्य तेल आयात दिसंबर में बढ़ा
भारत के खाद्य तेल आयात में दिसंबर 2025 के दौरान सालाना आधार पर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उद्योग संगठन एसईए के मुताबिक, दिसंबर 2025 में भारत का कुल खाद्य तेल आयात 8 प्रतिशत बढ़कर 13.83 लाख टन हो गया। यह 2025-26 तेल वर्ष (नवंबर-अक्तूबर) का दूसरा महीना था।
एसईए ने बताया कि आयात में यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से सोयाबीन तेल और सूरजमुखी तेल की खेप में तेज इजाफे के कारण हुई। इसके मुकाबले दिसंबर 2024 में भारत ने खाद्य और गैर-खाद्य तेलों सहित कुल 12.75 लाख टन तेल का आयात किया था। हालांकि, पूरे तेल वर्ष की शुरुआत कमजोर रही है। चालू 2025-26 तेल वर्ष के पहले दो महीनों (नवंबर और दिसंबर) में भारत का कुल खाद्य तेल आयात 12 प्रतिशत घटकर 25.67 लाख टन रह गया, जो सालभर पहले की समान अवधि से कम है।