ईडी ने प्रयाग ग्रुप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 110 करोड़ की संपत्तियां कुर्क
ईडी ने धन शोधन के एक मामले में प्रयाग ग्रुप ऑफ कंपनीज और उसके निदेशकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 110 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई है। ईडी के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्तियों में प्रयाग ग्रुप की कंपनियों के नाम पर दर्ज करीब 450.42 एकड़ जमीन और उस पर बने सुपर-स्ट्रक्चर शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 104 करोड़ रुपये है। ये संपत्तियां पश्चिम बंगाल, बिहार और असम में स्थित हैं। इसके अलावा, कंपनी के निदेशकों बसुदेव बागची, अविक बागची और स्वप्ना बागची के नाम पर दर्ज लगभग 6 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को भी कुर्क किया गया है।
जीआरएसई ने नौसेना को सौंपा साल का पांचवां युद्धपोत ‘अंजादिप’
कोलकाता स्थित गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) लिमिटेड ने वर्ष 2025 में भारतीय नौसेना को अपना पांचवां युद्धपोत सौंप दिया है। एंटी-सबमरीन वॉरफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट (ASW SWC) 'अंजादिप', जो इस श्रेणी के आठ प्लेटफॉर्म्स की शृंखला में तीसरा पोत है। इसे चेन्नई पोर्ट ट्रस्ट में औपचारिक रूप से नौसेना को डिलीवर किया गया। यह पोत GRSE द्वारा निर्मित 115वां युद्धपोत और नौसेना को सौंपा गया 77वां युद्धपोत है। ‘अंजादिप’ को ईस्टर्न नेवल कमांड के रियर एडमिरल गौतम मारवाहा, वीएसएम, सीएसओ (टेक) ने स्वीकार किया।