पुरी में आयोजित रथ यात्रा के दौरान अदाणी समूह ने श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पहल शुरू की है। इसके तहत समूह गुरुवार 26 जून से 8 जुलाई के दौरान 40 लाख से अधिक लोंगों के लिए मुफ्त में भोजन और पीने के लिए पानी वितरित करेगा। बता दें कि इससे पहले अदाणी समूह ने प्रयागराज में कुंभ मेले के दौरान भी बड़े पैमाने पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन और सेवा कार्य किए थे। यह सेवा प्रयास अदाणी समूह, पुरी जिला प्रशासन, इस्कॉन और स्थानीय स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर चलाया जा रहा है।
इसमें तीर्थयात्रियों और अधिकारियों के लिए मुफ्त पौष्टिक भोजन, ठंडे पेय पदार्थ, तटरक्षक दल का समर्थन, समुद्र तट की सफाई, वॉलंटियरों के लिए टी-शर्ट, नगरकर्मियों के लिए सुरक्षा जैकेट और श्रद्धालुओं के विभिन्न प्रकार के जैकेट, रेनकोट, टोपियां और छाते भी शामिल हैं। इस साल की शुरुआत में, 45 दिवसीय महाकुंभ मेले के दौरान, अदाणी समूह ने इस्कॉन और गीता प्रेस के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर भोजन वितरण और तीर्थयात्रियों के कल्याण के लिए सेवाएं दी थीं।