रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने लंदन में ब्रिटेन की सेंट्रल बैंकिंग की ओर से आयोजित ग्रीष्मकालीन बैठकों में दिए गए उद्घाटन संबोधन में कहा कि मुद्रास्फीति की प्रक्रिया धीमी और लंबी होगी और मध्यम अवधि में 4 प्रतिशत के मुद्रास्फीति लक्ष्य को हासिल करने का लक्ष्य है।
RBI गवर्नर बोले- महंगाई भले ही लक्ष्य से ऊपर गई पर सहिष्णुता बैंड के भीतर ही रही
उन्होंने कहा कि हमारी आबादी और 'जनसांख्यिकीय लाभांश' के कारण हर साल कार्यबल में बड़ी वृद्धि को देखते हुए, हम विकास संबंधी चिंताओं से अनजान नहीं रह सकते। इसलिए, हमने महामारी के वर्षों के दौरान भी विकास को प्राथमिकता दी। इस दौरान भले ही मुद्रास्फीति लक्ष्य से ऊपर रही, लेकिन सहिष्णुता बैंड के भीतर ही रही। आरबीआई गवर्नर ने कहा कि महंगाई के लड़ाई जारी है।
महामारी से तबाह अर्थव्यवस्थाओं को सहारा देने के लिए केंद्रीय बैंकों को करनी पड़ी मशक्कत
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि हाल के दिनों केंद्रीय बैंकों को महामारी से तबाह अर्थव्यवस्थाओं को प्रोत्साहन प्रदान करने और मुद्रास्फीति से लड़ने के लिए अपने सभी विकल्पों का उपयोग करना पड़ा और नीतियों को बदलना पड़ा।
वैश्विक अशांति का माहौल केंद्रीय बैंकों के लिए चुनौतीपूर्ण
मुद्रास्फीति के खिलाफ लड़ाई जारी रहने के बावजूद, कुछ उन्नत अर्थव्यवस्थाओं (एई) में बैंकिंग उथल-पुथल ने वित्तीय स्थिरता और मूल्य स्थिरता को प्रभावित किया। वैश्विक अशांति का यह असाधारण दौर वास्तव में केंद्रीय बैंकों और केंद्रीय बैंकिंग के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है।