निजी क्षेत्र के बैंक तमिलनाड मर्केण्टाइल बैंक (TMB) का आईपीओ (Initial Public Offering) पांच सितंबर (सोमवार) को आ रहा है। बैंक ने मंगलवार को को बताया है कि उसने अपने आईपीओ का प्राइस बैंड 500 से 525 रुपये तय किया है। आईपीओ की कुल वैल्यू 832 करोड़ रुपये होगी। अपाईपीओ में पांच से सात सितंबर के बीच निवेश किया जा सकेगा। आईपीओ के सफल आवेदकों को 14 सितंबर को शेयर अलॉट किए जाएंगे। बैंक की ओर से बताया गया है कि हमें उम्मीद है कि 15 सितंबर को कंपनी के शेयर इक्विटी मार्केट में लिस्ट हो जाएंगे।
ये हैं आईपीओ की खास बातें
तमिलनाड मर्केण्टाइल बैंक के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) के अनुसार बैंक के आईपीओ में 1,58,27,495 नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें शेयरधारकों की ओर से 12,505 इक्विटी शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव शामिल है। बिक्री पेशकश में डी प्रेम पलानीवेल और प्रिया राजन की ओर से पांच-पांच हजार इक्विटी शेयराें तक की बिक्री, प्रभाकर महादेव बोबडे की ओर से एक हजार इक्विटी शेयरों तक की बिक्री, नरसिम्हन कृष्णमूर्ति की ओर से 505 इक्विटी शेयरों तक की बिक्री और एम मल्लिगा रानी व सुब्रमण्यम वेंकटेश्वरन अय्यर की ओर से पांच-पांच इक्विटी शेयरों तक की बिक्री की जाएगी।
कम से कम कितना निवेश जरूरी?
तमिलनाड मर्केंण्टाइल बैंक के आईपीओ में 28 शेयरों का लॉट साइज रखा गया है। निवेशक को कम से कम एक लॉट खरीदना जरूरी होगा। इस लिहाज से निवेशक को इस आईपीओ में कम से कम 14700 रुपये का निवेश करना होगा।
बैंक कहां करेगी आईपीओ से मिलने वाली फंड्स का इस्तेमाल?
तूतीकोरिन स्थित तमिलनाड मर्केंण्टाइल बैंक अपने आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल भविष्य में अपनी पूंजी की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। बैंक की आईपीओ के लीड मैनेजर एक्सिस कैपिटल, मोतीलाल ओसवाल, और एसबीआई कैपिटल है। तमिलनाड मर्केंण्टाइल बैंक का करीब 100 वर्ष का इतिहास है। यह देश में निजी क्षेत्र के सबसे पुराने बैंकों में एक है। यह बैंक मुख्य रूप से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों, कृषि और खुदरा ग्राहकों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं मुहैया कराता है।