विप्रो के चेयरमैन अजीम प्रेमजी और एचसीएल के सह-संस्थापक शिव नाडर भारत के मात्र दो अरबपति हैं जो फोर्ब्स के प्रौद्योगिकी क्षेत्र के सौ सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल हैं। इन दोनों ने गूगल प्रमुख एरिक श्मिट और उबर के मुख्य कार्यकारी ट्रैविस कालानिक को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष 20 उद्योगपतियों में अपनी जगह बनाई है।
प्रौद्योगिक क्षेत्र के इन सौ सबसे अमीर उद्योगपतियों की सूची में शीर्ष स्थान पर माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स हैं जिनकी अनुमानित संपत्ति 78 अरब डॉलर है। इस सूची में प्रेमजी 13वें स्थान पर हैं जिनका नेटवर्थ 16 अरब डॉलर है और नाडर 11.6 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ 17वें स्थान पर हैं।
दो भारतीय-अमेरिकी प्रौद्योगिकी सम्राट सिंफनी टेक्नोलॉजी समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोमेश वाधवानी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) परामर्शदाता व आउटसोर्सिंग कंपनी सिंटेल के संस्थापक भरत देसाई एवं उनकी पत्नी नीरजा सेठी भी इस सूची में शामिल हैं।