वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दावोस सम्मेलन में पहली बार असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि असम अब एक उभरता हुआ राज्य और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने वैश्विक निवेशकों से भारत में निवेश के साथ-साथ असम को भी एक प्रमुख गंतव्य के रूप में देखने का आग्रह किया।
असम देश का सबसे तेजी से बढ़ने वाला राज्य है- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के हालिया आंकड़ों के मुताबिक असम आधिकारिक तौर पर देश का सबसे तेजी से बढ़ने वाला राज्य है और ग्रोथ चार्ट में शीर्ष पर है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने हाल ही में भारत की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान सात प्रतिशत से ऊपर किया है। उनके मुताबिक अब समय आ गया है कि निवेशक भारत के विविध राज्यों और क्षेत्रों की संभावनाओं का भी लाभ उठाएं, जिसमें असम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
ये भी पढ़ें: Poland: बढ़े टैरिफ के बीच नए साझेदारों की तलाश में पोलैंड, उप-प्रधानमंत्री बोले- भारत से सहयोग को तैयार
सेमीकंडक्टर सेक्टर को लेकर हुई अहम बैठकें
सेमीकंडक्टर सेक्टर को लेकर हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि दावोस में इस विषय पर अहम बैठकें प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि टाटा समूह के असम में मौजूद होने से सेमीकंडक्टर से जुड़ा इकोसिस्टम धीरे-धीरे विकसित हो रहा है और इस क्षेत्र में निवेश को लेकर खासा उत्साह है। मुख्यमंत्री के अनुसार, उद्योग जगत के नेताओं से बातचीत के बाद आगे की दिशा स्पष्ट होगी।
असम में पर्यटन क्षेत्र के लिए मिले निवेश प्रस्ताव
पर्यटन क्षेत्र पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम को होटल, होमस्टे और अन्य पर्यटन परियोजनाओं के लिए कई निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दावोस में किसी नए समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए जाएंगे, लेकिन गुवाहाटी और काजीरंगा में पांच सितारा होटलों की स्थापना के लिए जल्द ही राज्य में कई एमओयू साइन किए जाएंगे।