Union Minister for Electronics and Information Technology Ashwini Vaishnaw
- फोटो : ANI
टेलीकॉम मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को कहा है कि दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियां अपनी 5जी सेवाओं की लॉन्चिंग में तेजी लाएं। केंद्रीय मंत्री ने दूरसंचार सेवा कंपनियों को स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र जारी करने के बाद यह बात कही।
बता दें दूरसंचार विभाग ने इस बार दूरसंचार कंपनियों को उसी दिन स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र जारी कर दिए हैं, जिस दिन सफल बोलीदाताओं ने अग्रिम भुगतान किया है।
वैष्णव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र जारी कर दिए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं से 5जी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में तेजी लाने का अनुरोध किया है।
बता दें कि हाल ही में हुए 5जी स्पेक्ट्रम नीलामी में हासिल किए गए स्पेक्ट्रम के लिए दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों भारती एयरटेल, रिलायंस जियो, अदाणी डेटा नेटवर्क्स और वोडाफोन आइडिया ने दूरसंचार मंत्रालय (डीओटी) को लगभग 17,876 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
एयरटेल ने चार वार्षिक किस्तों के बराबर 8,313.4 करोड़ रुपये भुगतान किया है वहीं अन्य दूरसंचार कंपनियों ने 20 वार्षिक किस्तों में भुगतान का विकल्प चुना है।
इससे पहले एयरटेल के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने गुरुवार को कहा है कि यह पहली बार है जब दूरसंचार विभाग ने अग्रिम भुगतान करने के दिन ही स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र जारी कर दिया है।
मित्तल ने कहा है कि डीओटी के साथ मेरे 30 वर्षों के अनुभव में ऐसा पहली बार हुआ है। व्यवसाय ऐसा ही होना चाहिए।