चीन में चुनौतियों का सामना कर रही दिग्गज टेक कंपनी एपल की भारत में कुल बिक्री 2023-24 में 33 फीसदी बढ़कर 8 अरब डॉलर (67,000 करोड़ रुपये) की नई ऊंचाई पर पहुंच गई। इस बिक्री में आधा से अधिक योगदान आईफोन का रहा। 2022-23 में एपल ने भारत में कुल 6 अरब डॉलर के उत्पाद बेचे थे। उधर, मॉर्गन स्टेनली के 2023 के सर्वे के अनुसार, जर्मनी, फ्रांस और अन्य यूरोपीय देशों को पीछे छोड़ते हुए 92 लाख शिपमेंट के साथ भारत आईफोन निर्यात में पांचवें सबसे बड़े बाजार के रूप में उभरा है। एपल के सीईओ टिम कुक ने हाल ही में कहा था, भारत में आईफोन की बिक्री की वृद्धि दर 10 फीसदी से ज्यादा रही है।
नोएडा पुणे व बंगलूरू में खुलेंगे खुदरा स्टोर
एपल के भारत में फिलहाल दिल्ली और मुंबई में खुदरा स्टोर हैं। अब यह नोएडा, पुणे और बंगलूरू में भी स्टोर खोलने की योजना बना रही है। अमेरिका-चीन तनाव के बीच एपल भारत में उपस्थिति बढ़ाकर परिचालन में विविधता ला रही है। कंपनी अब लगभग 14 फीसदी आईफोन का उत्पादन भारत में करती है। इसमें नया आईफोन 15 मॉडल भी शामिल है। इस मॉडल का अधिकांश हिस्सा भारत में बन रहा है।