आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमेजन 18,000 से अधिक नौकरियों को घटना चाहती है। कंपनी यह कदम लागत में कटौती करने के लिए उठा रही है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एंडी जेसी ने कर्मचारियों को भेजे एक नोट में कहा कि प्रभावित कर्मियों को 18 जनवरी से इसकी सूचना दी जाएगी। यह कटौती फर्म के लगभग 300,000 मजबूत कॉरपोरेट कार्यबल का लगभग 6% है।
अमेजन इनती बड़ी छंटनी की शुरुआत करने वाली नवीनतम बड़ी आईटी कंपनी है। माना जा रहा है कि कंपनी के ग्राहकों ने अपना खर्च बढ़ने के कारण उसमें कटौती का फैसला किया है। जिससे कंपनी को भी छंटनी का फैसला लेना पड़ा। बता दें कि प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ने पिछले साल ही कहा था कि वह अपने कर्मचारियों की संख्या कम करेगी।
नए साल में भी नौकरियों पर संकट बना रहेगा। मेटा और ट्विटर जैसी बड़ी कंपनियों के बाद अब दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन भी बड़े पैमाने पर छंटनी की तैयारी कर रही है। अमेजन ने बुधवार को कहा, वह 18 जनवरी से 18,000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकालेगी। यह आंकड़ा नवंबर, 2022 में की गई 10,000 छंटनी से 80 फीसदी ज्यादा है।
अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा, अनिश्चित अर्थव्यवस्था और पिछले कुछ साल में तेजी से की गईं भर्तियों की वजह से हम 18,000 से अधिक भूमिकाओं को खत्म करने की योजना बना रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर ई-कॉमर्स और मानव संसाधन विभाग पर पड़ेगा। कई अन्य विभाग भी प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा, हम इन फैसलों को हल्के में नहीं लेते हैं। छंटनी से प्रभावित लोगों के लिए मैं कहना चाहता हूं...अमेजन में आपके योगदान और ग्राहकों के लिए आपकी ओर से किए गए कार्यों के लिए कितना आभारी हूं। हालांकि, उनके बयान में भारत का कोई जिक्र नहीं था। कंपनी पहले ही भारत में फूड डिलीवरी, थोक वितरण और अमेजन अकादमी को बंद कर चुकी है।
मंदी के दौर में सबसे बड़ी छंटनी
मौजूदा मंदी के दौर में अमेजन का 18,000 कर्मचारियों को हटाना अब तक की सबसे बड़ी छंटनी होगी। सितंबर अंत तक अमेजन के साथ 15 लाख से अधिक कर्मचारी जुड़े थे। इस छंटनी का अर्थ है कि नवीनतम कटौती कार्यबल का करीब एक फीसदी होगा। कंपनी के पास दुनियाभर में लगभग 350,000 कॉरपोरेट कर्मचारी हैं।
पिछले साल गईं 1.5 लाख से ज्यादा नौकरियां
ट्रैकिंग साइट लेऑफ डॉट एफवाईआई के मुताबिक, पिछले साल टेक उद्योग में 1.5 लाख नौकरियां गईं। छंटनी का दौर नए साल में भी जारी रहेगा।
-फेसबुक की मूल कंपनी मेटा ने नवंबर में 11,000 कर्मचारियों को निकाला था।
-स्नैपचैट ने अगस्त में 1,200 छंटनी की थी।
-ट्विटर ने अक्तूबर में 7,500 को नौकरी से निकाला था।
-क्रंचबेस टैली के मुताबिक, अमेरिका में टेक कंपनियों ने 2022 में 9,1000 छंटनी की थी।
दुनियाभर की टेक कंपनियों में हड़कंप
वैश्विक आर्थिक मंदी की आशंका के बीच दुनियाभर की टेक कंपनियों में हड़कंप मचा हुआ है। ट्विटर, मेटा, अमेजन के अलावा एचपी इंक भी करीब 6,000 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। हाल ही में पेप्सिको ने भी कटौती की घोषणा की है।
इन कंपनियों भी कटौती की योजना
कंपनी संख्या
सेल्सफोर्स 8,000
एचपी 6,000
सिस्को 5 फीसदी
चाइम 160
क्वाइनबेस 60
वीमेओ 11 फीसदी
स्ट्राइप 14 फीसदी
क्रैकेन 30 फीसदी
-गूगल जनवरी में 1,000 से ज्यादा छंटनी कर सकती है। क्वालकॉम ने भी भर्तियां रोक दी है।