दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी भारती एयरटेल ने हाल ही में पूरी हुई 5जी स्पेक्ट्रम नीलामी में हासिल किए गए स्पेक्ट्रम के लिए दूरसंचार विभाग को 8,312.4 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। एयरटेल ने यह राशि चार साल की किस्त के अग्रिम भुगतान के रूप में जमा करवाया है।
एयरटेल ने कहा है कि चार साल के लिए एजीआर (समायोजित सकल राजस्व) से संबंधित भुगतान करने से कंपनी भविष्य में 5जी सेवाएं उपलब्ध करवाने पर ध्यान केंद्रित कर सकेगी।
बता दें कि उद्योग जगत के दिग्गज सुनील भारती मित्तल की कंपनी भारती एयरटेल ने 5जी स्पेक्ट्रम के लिए 43,039.63 करोड़ रुपये की सफल बोली लगाई है।
भारती एयरटेल के प्रबंध निदेशक और सीईओ गोपाल विट्टल ने बयान में कहा, 'चार साल का यह अग्रिम भुगतान हमें अपने परिचालन और 5जी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस तरीके से आगे बढ़ाने की अनुमति देता है। वहीं, एयरटेल अपने अधिकारों की बिक्री से 15,740.5 करोड़ रुपये तक जुटा सकती है।'
उन्होंने कहा कि हम देश में उपभोक्ताओं को विश्वस्तरीय 5जी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए उत्साहित हैं। कंपनी के पास 3,848.88 करोड़ रुपये अग्रिम और शेष राशि 19 वार्षिक किश्तों में चुकाने का विकल्प था।