दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई प्रमुख शहर प्रदूषण की मार से बेहाल हैं। लेकिन इसके चलते कई कंपनियों की इस वक्त बल्ले-बल्ले हैं, जो इससे बचने के लिए कई उत्पाद बना रही हैं। दिवाली के बाद से दिल्ली-एनसीआर सहित कई शहरों में लोग घुटन भरी हवा में सांस ले रहे हैं। ऐसे में घर, ऑफिस में ताजी सांस लेने के लिए एयर प्यूरिफायर और मास्क की बिक्री में इजाफा देखने को मिला है। इस साल अभी तक एयर प्यूरिफायर की बिक्री में 500 फीसदी का इजाफा हो चुका है।
इन शहरों में हो रही है सबसे ज्यादा बिक्री
एयर प्यूरिफायर की सबसे ज्यादा बिक्री दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद से सटे इलाकों में सबसे ज्यादा हो रही है। इस साल बिक्री का आंकड़ा 500 करोड़ रुपये के पार जा चुका है। देश भर में करीब 3.5 लाख एयर प्यूरिफायर बिक चुके हैं। वहीं जयपुर, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ, लुधियाना, चंडीगढ़, मुंबई, बंगलूरू आदि शहरों में भी इनकी मांग में इजाफा देखने को मिला है।
बन रहा है नया बाजार
वायु प्रदूषण को लेकर लोगों में जागरूकता आने की वजह से भारत में एक नया बाजार शक्ल ले रहा है। इस बाजार के तहत एंटी-पल्यूशन मास्क, एयर-प्यूरीफाइंग मशीनें, हवा की गुणवत्ता नापने वाले डिजिटल मॉनिटर और कार एयर प्यूरीफायर जैसे उत्पाद शामिल हैं।
2015 से लगातार हो रहा है इजाफा
ई-कॉमर्स वेबसाइट अमेजन के मुताबिक, साल 2016 में लोगों ने 2015 के मुकाबले चार सौ प्रतिशत ज्यादा एयर प्यूरिफायर खरीदे थे। वहीं, 2017 में लोगों ने 2016 के मुकाबले 500 प्रतिशत ज्यादा एयर प्यूरिफायर खरीदे थे। यही नहीं, अमेजन पर साल 2018 में होम/कार प्यूरिफायर्स की बिक्री में सितंबर महीने के मुकाबले अक्टूबर में 450 फीसदी ज्यादा बिक्री दर्ज की गई है।
अमेजन के साथ-साथ फ्लिपकार्ट पर भी लोगों ने इस उत्पाद को लेकर रूचि दिखाई है। फ्लिपकार्ट के वरिष्ठ निदेशक संदीप करवा भी बताते हैं, 'साल 2018 में अक्तूबर 2017 के मुकाबले बिक्री में 400 प्रतिशत की बढ़त देखी गई है और दिल्ली-मुंबई में इन उत्पादों को लेकर खासी रुचि देखी जा रही है।' हालांकि एयर प्यूरिफायर केवल घर या ऑफिस के अंदर ही हवा को साफ रख सकते हैं। ऐसे में बाहर निकलने वालों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। इसके लिए केवल मास्क पहनना ही सबसे ज्यादा कारगर चीज है।