एअर इंडिया से जुड़ी एक और चिंता वाली खबर सामने आई है। गुरुवार दोपहर को एअर इंडिया की दिल्ली से लंदन के हीथ्रो जाने वाली उड़ान में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण विमान को उड़ान भरने के घंटों बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इस घटना से यात्रियों को न केवल अप्रत्याशित असुविधा का सामना करना पड़ा बल्कि एयरलाइन के बेड़े में हाल ही में शामिल किए गए आधुनिक विमानों की हालत पर भी सवाल खड़े हो गए।
गुरुवार सुबह लगभग छह बजे, एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI111 ने दिल्ली से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विमान जब सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में था, तब इसे वापस मोड़ने का बड़ा निर्णय लिया गया। इस निर्णय से पहले विमान लगभग चार घंटे तक हवा में रह चुका था।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि विमान की वापसी का फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया। एक संदिग्ध तकनीकी खराबी सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।
एअर इंडिया ने इसी साल जनवरी 2024 से इन नए A350-900 विमानों का संचालन शुरू किया है। जिस विमान (VT-JRF) के साथ यह घटना हुई, उसका तकनीकी समस्याओं का पिछला रिकॉर्ड भी सामने आया है।