एयर इंडिया ने गुरुवार को वरिष्ठ नागरिकों और छात्रों को दी जाने वाली रियायत में कटौती करने का फैसला किया है। एयरलाइंस ने रियायतों को 50% से घटाकर 25% करने का फैसला किया है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि बाजार की स्थिति और गतिशीलता को ध्यान में रखते हुए हमने व्यापक उद्योग प्रवृत्ति के अनुरूप अपने किराए को युक्तिसंगत बनाने का निर्णय लिया है। इस समायोजन के बाद भी एयर इंडिया के छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों दोनों के लिए आधार किराए पर छूट अन्य निजी एयरलाइनों की तुलना में लगभग दोगुनी होगी।
इससे पहले एयर इंडिया ने बताया था कि वह अपने बेड़े में अगले 15 महीनों के दौरान 30 नए विमान जोड़ेगा। इनमें पांच वाइड बॉडी बोईंग प्लेन भी शामिल हैं। टाटा की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया का प्लान इस वर्ष दिसंबर से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सेवाओं को विस्तार देना है। एयर इंडिया की ओर से बताया गया है कि एयरलाइन ने अगले 15 महीनों में पांच वाइड-बॉडी बोइंग और 25 एयरबस नैरो-बॉडी विमानों को शामिल करने के लिए लीच और आशय पत्रों पर हस्ताक्षर किए हैं।
गरुड़ एयरोस्पेस 1 लाख युवाओं को करेगा प्रशिक्षित, डीजीसीए की मंजूरी
ड्रोन निर्माता कंपनी गरुड़ एयरोस्पेस 1 लाख युवाओं को प्रशिक्षित करेगा। बृहस्पतिवार को कृषि उद्देश्यों के लिए ड्रोन के उपयोग पर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की मंजूरी मिल गई। एयरोस्पेस ने कहा, कृषि ड्रोन की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी ने 2024 तक कम से कम एक लाख किसान ड्रोन बनाने का लक्ष्य रखा है। इससे युवाओं के लिए रोजगार पैदा होगा। डीजीसीए से अनुमोदन मिलने के बाद 755 जिलों के युवाओं को प्रशिक्षित और कौशल निपुण बनाया जाएगा।