केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत अब दो तरह के नुकसान भी कवर किए जाएंगे, जिनकी किसान लंबे समय से मांग कर रहे थे।
जंगली जानवरों और जलभराव से बर्बाद हुई फसलों पर मिलेगा मुआवजा
चौहान ने कहा कि अब जंगली जानवरों द्वारा फसलों को पहुंचाए गए नुकसान पर भी मुआवजा मिलेगा। इसके साथ ही अत्यधिक बारिश से आई बाढ़ या जलभराव के कारण फसल को हुए नुकसान को भी योजना में शामिल कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि अगर जंगली जानवर फसल खराब करते हैं, तो उसका मुआवजा दिया जाएगा। अगर भारी बारिश से जलभराव होता है और फसल बर्बाद होती है, तो भी नुकसान की भरपाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के किसानों की यह लंबे समय से मांग थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।
खाद्यान्न उत्पादन में हुई बढ़ोतरी
नागपुर में एग्रोविजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार ने 2024-25 में खाद्यान्न उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की है। उन्होंने कहा कि चालू वर्ष में उत्पादन 2023-24 की तुलना में 6% बढ़ा है, जबकि पिछले 10 से 11 साल में कुल उत्पादन में 44% की वृद्धि हुई है।
जलवायु चक्र ने खेती को बनाया अनिश्चित
चौहान ने कहा कि बदलते जलवायु चक्र ने खेती को अनिश्चित बना दिया है, कब बारिश होगी, कब सूखा पड़ेगा, इसकी भविष्यवाणी मुश्किल हो गई है। इस साल बारिश पांच से छह महीने तक चली और सितंबर में आई बाढ़ ने कई किसानों की फसलें तबाह कर दीं।
भारत खेती के एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है
कृषि मंत्री ने कहा कि भारत खेती के एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां विचार से नवाचार, मशीनीकरण से विविधीकरण और पारंपरिक तरीकों से आधुनिक सिंचाई व ड्रोन तकनीक की ओर तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार सिंचाई के स्वचालन, मंडियों के आधुनिकीकरण और खेती के विविधीकरण जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय कृषि व्यवस्था को अधिक स्मार्ट, आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में निरंतर सुधार किए जा रहे हैं।