अदाणी ग्रुप (Adani Group) की कंपनियों के शेयरों की कीमतों में जबरदस्त उछाल के कारण गौतम अदाणी दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उनकी संपत्ति 142.7 बिलियन डॉलर हो गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार दुनिया की अमीरों की लिस्ट में टॉप थ्री लिस्ट में जगह बनाने वाले गौतम अदाणी पहले एशियाई है। अदाणी ग्रुप की कंपनियों की होल्डिंग में पिछले दो वर्षों में 112 बिलियन डाॅलर की बढ़ोतरी हुई है। यह दुनिया में किसी भी अरबपति की तुलना में सबसे ज्यादा है। पिछले दो वर्षों में गौतम अदाणी की संपत्ति में 365% का इजाफा हुआ है। उनकी संपत्ति 30.7 बिलियन डाॅलर से बढ़कर 142.7 बिलियन डालर हो गई है। इन दो वर्षों के दौरान वे दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 40वें नंबर से तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
अंदाणी ग्रुप की कंपनियों के प्रदर्शन से भारतीय शेयर बाजार को भी मदद मिली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार देश की कंपनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन में 79% इजाफा अदाणी ग्रुप की सात लिस्टेड कंपनियों से हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सभी लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर वर्ष 2022 में 12.74 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। इसमें 10.05 लाख करोड़ रुपये का योगदान सिर्फ अदाणी ग्रुप की सात लिस्टेड कंपनियों ने दिया है। वहीं दूसरी ओर दिग्गज कंपनियों टीसीएस, इंफोसिस, विप्रो, एलआईसी, एचसीएल टेक जैसी कंपनियों के मार्केट कैप इस वर्ष आठ लाख करोड़ रुपये की कमी आई है।