टेक दिग्गज एक्सेंचर ने निवेश का रुख भविष्य की परियोजनाओं या इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार की बजाय कर्मचारी संख्या घटाने पर केंद्रित किया है। कंपनी ने पिछले तीन वर्षों में बिजनेस ऑप्टिमाइजेशन पर 2 अरब डॉलर (करीब ₹16,700 करोड़) से अधिक खर्च किया है। इसमें एक बड़ा हिस्सा सेवरेंस कॉस्ट (सेवा समाप्ति भुगतान) के लिए आवंटित किया गया। कंपनी ने हाल के तीन महीनों में ही 11,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की है। यह कदम लागत घटाने और परिचालन दक्षता बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Share Market: निवेशकों को घोटालों से सतर्क करने के लिए NSE और सेबी का बड़ा कदम, विश्व निवेशक सप्ताह की शुरुआत
कर्मचारियों की संख्या घटकर 7,79,000 पहुंची
जानकारी के अनुसार कंपनी के वैश्विक कर्मचारियों की संख्या अगस्त 2025 के अंत तक घटकर 7,79,000 रह गई। यह तीन महीने पहले 7,91,000 थी। पिछली तिमाही में सेवरेंस और संबंधित खर्च 615 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि वर्तमान तिमाही में अतिरिक्त 250 मिलियन डॉलर खर्च होने की संभावना है।
पुनर्गठन प्रक्रिया से होगी एक अरब डॉलर की बचत
कंपनी का अनुमान है कि इस पुनर्गठन प्रक्रिया से कुल मिलाकर एक अरब डॉलर से अधिक की बचत होगी। एक्सेंचर ने यह भी संकेत दिया है कि यह प्रक्रिया नवंबर 2025 तक जारी रह सकती है। इस प्रोग्राम के तहत हाल की तिमाही में 11,419 कर्मचारियों की छंटनी की सूचना दी। कंपनी का यह कार्यक्रम दो मुख्य लक्ष्यों पर केंद्रित है, सेवरेंस और हेडकाउंट कटौती के माध्यम से कार्यबल समायोजन, और उन अधिग्रहणों की बिक्री जो एक्सेंचर की रणनीतिक दिशा के अनुरूप नहीं हैं।
कंपनी की सीईओ ने क्या कहा?
पुनर्गठन का नेतृत्व करते हुए सीईओ जूली स्वीट ने निवेशकों को बताया कि नई तकनीकी वास्तविकताओं के अनुरूप त्वरित कार्रवाई जरूरी थी। उन्होंने कहा कि जहां पुनःकौशल प्रशिक्षण संभव नहीं है, वहां हमें कठिन निर्णय लेते हुए लोगों को बाहर करना पड़ रहा है। कंपनी का कहना है कि अपस्किलिंग प्राथमिकता है, लेकिन सभी कर्मचारियों को नए भूमिकाओं में दोबारा स्थापित करना हमेशा संभव नहीं है।
कंपनी की नई दिशा में एआई की भूमिका
एक्सेंचर की नई दिशा में एआई प्रमुख स्तंभ है। कंपनी ने रिपोर्ट किया कि जनरेटिव एआई परियोजनाओं से पिछले वित्तीय वर्ष में 5.1 अरब डॉलर की नई बुकिंग हुई। यह पिछले वर्ष के तीन अरब डॉलर से बढ़ी है। कार्यबल में अब 77,000 एआई और डेटा प्रोफेशनल्स शामिल हैं, जो दो साल पहले 40,000 थे। इन्हें कंपनी ने पुनर्आविष्कारक का नाम दिया है और इन्हें भविष्य की नींव बताया गया है।
एआई कार्यस्थल में ला रहा बदलाव
विशेषज्ञों के अनुसार, एक्सेंचर का यह संकट और पुनर्गठन पूरे सेक्टर में हो रहे बदलाव का संकेत है, जहां कंपनियां लचीले और तकनीकी रूप से सक्षम कार्यबल के लाभ और जोखिम का मूल्यांकन कर रही हैं। इसी कड़ी में, टीसीएस ने हाल ही में 12,000 कर्मचारियों को मुक्त करने की पुष्टि की है, जो उनके कार्यबल का लगभग 2 प्रतिशत है, क्योंकि एआई कार्यस्थल को बदल रहा है।