राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में मजबूती दिख रही है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार दिल्ली में शुक्रवार को सोना 406 रुपये की मजबूती के साथ 50,722 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा है। सोने में मजबूती ग्लोबल मार्केट में धातु के भाव तेज होने के कारण आई है। इससे पिछले कारोबारी सेशन में सोना 50,316 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव पर ट्रेड कर रहा था।
चांदी की कीमतों भी तेजी है। चांदी शुक्रवार को 905 रुपये की तेजी के साथ 57,436 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के दिलीप परमार ने कहा है कि सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन मजबूती दिख रही है। ऐसा डॉलर इंडेक्स और यूस ट्रेजरी बॉन्ड में हालिया ऊपरी स्तर से कमजोर होने के कारण हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1671.33 डॉलर प्रति औंस पर बिक रहा है, जबकि ग्लोबल मार्केट में चांदी 19.15 डॉलर प्रति औंस पर बिक रही है।