दिल्ली हवाई अड्डे पर सोमवार को घने कोहरे की चादर से उड़ानों पर काफी असर पड़ा। इस दौरान 20 उड़ानों को डायवर्ट किया गया और 530 उड़ानें देरी से परिचालित हुईं। वहीं चार उड़ानें दोपहर 12.52 बजे तक रद्द करनी पड़ी थीं। हवाई यातायात के अलावा रेल और सड़क यातायात पर भी असर देखने को मिला। कोहरे की चादर सुबह से लेकर के देर शाम तक छाई रही।
रनवे पर 50 मीटर की दृश्यता
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर दृश्यता 50 मीटर से 175 मीटर रह गई, जिसके चलते उड़ानों का संचालन कैट III B कंडीशन में हो रहा था। हवाई अड्डे के एक अधिकारी के अनुसार, 530 उड़ानों में 320 के प्रस्थान और 210 आने वाली उड़ानों में देरी हुई है।
इंडिगो ने एक बयान में कहा है कि उत्तर भारत में पड़ रहे घने कोहरे के चलते इसका असर पूरे देश में उसकी उड़ानों पर पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर हम लगातार अपने यात्रियों को अपडेट देते रहेंगे ताकि उनको किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। एयरलाइन ने सलाह दी है कि यात्री फ्लाइट पकड़ने से पहले स्टेटस को देख लें।
इंडिगो के अलावा विस्तारा, गो एयर, स्पाइसजेट और एयर एशिया ने भी यात्रियों से फ्लाइट का स्टेटस देख लेने के बाद ही हवाई अड्डे पर आने की सलाह दी है।
पिछले कुछ दिनों में दिल्ली का तापमान किसी हिल स्टेशन से कहीं ज्यादा कम दर्ज किया गया है। यहां इतनी ठंड पड़ रही है कि 119 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के कई हिस्सों में दिन और रात का तापमान मशहूर हिल स्टेशनों शिमला और मसूरी से ज्यादा ठंडा है।वीकेंड (सप्ताहांत) में इन दोनों पहाड़ी शहरों में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। दोनों दिन दिल्ली में स्थित मौसम विभाग के केंद्र में बहुत कम तापमान दर्ज किया गया। शनिवार को लगभग पूरी दिल्ली में अधिकतम तापमान 14 डिग्री से नीचे था। रविवार को कई मौसम केंद्रों- जफरपुर (11.6), मुंगेशपुर (11.9), पालम (13.5) सहित कई अन्य स्थानों पर 14 डिग्री से कम तापमान दर्ज किया गया।
सोमवार को डीएनडी फ्लाईवे पर भी कोहरे ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ाई। घने कोहरे के कारण फ्लाईवे पर लंबा जाम लग गया। सोमवार और पीक आवर होने के कारण जाम में फंसने वाले वाहनों की संख्या भी लगातार बढ़ती रही। सोमवार को जहां सफदरजंग इलाके में तापमान 2.6 डिग्री पहुंच गया, वहीं पालम का तापमान 2.9 दर्ज किया गया। फिलहाल इस ठंड से राहत मिलने की भी कोई उम्मीद नहीं नजर आ रही है। नए साल में एक से तीन जनवरी तक रात के वक्त हल्की बारिश और दो जनवरी को ओलावृष्टि का भी अनुमान है।
पालम में घने कोहरे की वजह से विमान सेवा प्रभावित हुई। दूसरी तरफ, कोहरे का असर ट्रेनों के आवागमन पर भी पड़ा। सोमवार सुबह भी कड़ाके की ठंड और घना कोहरा बना रहा। इस दौरान सड़कों पर अकसर तेज रफ्तार में दौड़ने वाली गाड़ियां धीमी गति में चलती नजर आईं।