किसी के लोन का गारंटर बनने से पहले इसके जोखिम समझना जरूरी है। अगर कर्ज लेने वाला व्यक्ति ईएमआई चुकाने में विफल रहता है, तो गारंटर पर भी भुगतान की जिम्मेदारी आ सकती है। इसके अलावा क्रेडिट स्कोर, भविष्य में लोन लेने की क्षमता और आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ सकता है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
क्या आप किसी दोस्त, रिश्तेदार या सहकर्मी के लोन के लिए गारंटर बनने की सोच रहे हैं? हां कहने से पहले इसके कानूनी और वित्तीय जोखिमों को समझना बेहद जरूरी है। गारंटर होना महज एक औपचारिक सिफारिश नहीं है। यदि कर्जदार लोन चुकाने में विफल रहता है, तो गारंटी की शर्तों के अनुसार बकाया राशि चुकाने की जिम्मेदारी आप पर आ सकती है।
विज्ञापन
बकाया राशि के साथ ब्याज और शुल्क भी चुकाने पड़ सकते हैं
भारतीय अनुबंध अधिनियम, 1872 की धारा 128 के तहत गारंटर की देनदारी मुख्य कर्जदार के बराबर होती है। कर्जदार के डिफॉल्ट करने पर बैंक सीधे आपसे भुगतान मांग सकता है।
आरबीआई के निर्देशों के मुताबिक बैंक कर्जदार के खिलाफ कार्रवाई पूरी किए बिना भी गारंटर से वसूली शुरू कर सकता है।
आपकी जिम्मेदारी सिर्फ मूलधन तक सीमित नहीं रहती। गारंटी समझौते के अनुसार बकाया राशि के साथ लागू ब्याज और अन्य शुल्क भी आपको चुकाने पड़ सकते हैं।
यदि कर्जदार भुगतान नहीं करता और बकाया चुकाया नहीं जाता, तो इससे गारंटर की क्रेडिट साख और सिबिल स्कोर पर नकारात्मक असर पड़ता है।
निजी रिश्तों के दबाव में न आएं
हस्ताक्षर करने से पहले जांचें कि आपकी देनदारी की अधिकतम सीमा क्या है और गारंटी केवल मौजूदा लोन के लिए है या भविष्य के लेन-देन को भी कवर करती है।
केवल निजी रिश्तों के दबाव में गारंटर न बनें। हस्ताक्षर करने से पहले खुद से पूछें कि यदि कर्जदार कल से किस्त देना बंद कर दे, तो क्या आप यह कर्ज खुद चुकाने की स्थिति में हैं?