भारत में ब्लैक फ्राइडे अब केवल छूट का आयोजन नहीं, बल्कि कंपनियों के लिए कारोबार बढ़ाने का नया अवसर बन रहा है। दिवाली के बाद खरीदारी की रफ्तार बनाए रखने में यह अभियान अहम भूमिका निभा रहा है। खास बात यह है कि छोटे शहरों के ग्राहक भी इस बदलाव को नई ताकत दे रहे हैं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अमेरिका में थैंक्सगिविंग के बाद शुरू हुई खरीदारी की परंपरा ‘ब्लैक फ्राइडे’ अब भारतीय रिटेल और ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए राजस्व का एक प्रमुख जरिया बन चुकी है। भारत में अक्तूबर की दिवाली सेल और दिसंबर के अंत में होने वाली विंटर सेल के बीच नवंबर का महीना अक्सर सुस्त रहता था, जहां नए ग्राहकों को जोड़ना महंगा साबित होता था। अब पांच दिनों तक चलने वाले एक व्यवस्थित अभियान में बदल चुके ब्लैक फ्राइडे ने इस खालीपन को बखूबी भर दिया है।
विज्ञापन
यह आयोजन कंपनियों को त्योहारी सीजन के बाद भी बाजार में मांग बनाए रखने और पुराने स्टॉक को निकालने में मदद करता है। बाजार के आंकड़े भी इस बढ़ते रुझान की पुष्टि करते हैं। ई-कॉमर्स इनेबलमेंट प्लेटफॉर्म यूनिकॉमर्स के अनुसार, 2024 से 2025 के बीच ब्लैक फ्राइडे अभियानों में ऑर्डर की मात्रा करीब 67 प्रतिशत और कुल बिक्री मूल्य (जीएमवी) लगभग 40 प्रतिशत बढ़ा है। वहीं, गोक्विक नेटवर्क के ब्रांड्स ने 2025 के चार दिवसीय आयोजन में 250 करोड़ रुपये से अधिक के 19.4 लाख ऑर्डर दर्ज किए, जिसमें रोजाना के ऑर्डर 30 प्रतिशत और औसत ऑर्डर मूल्य 9 प्रतिशत बढ़ा। इनमें से 43 प्रतिशत ऑर्डर देश के शीर्ष 50 जिलों से बाहर, यानी छोटे शहरों और कस्बों से आए। डेलॉयट साउथ एशिया की रिपोर्ट भी बताती है कि भारत का ऑनलाइन रिटेल बाजार 2019 के 25–27 अरब डॉलर से बढ़कर 2025 में 85-90 अरब डॉलर पर पहुंच गया है, जिसमें टियर-2 और छोटे शहरों की हिस्सेदारी 60 फीसदी से अधिक है। nबोनस डेस्क
किफायती और व्यक्तिगत जरूरतों की खरीदारी का मौका
रिटेल विशेषज्ञों के मुताबिक, ब्लैक फ्राइडे दिवाली का विकल्प नहीं बल्कि उसका पूरक है क्योंकि दोनों मौकों पर ग्राहक की सोच अलग होती है। होम सेंटर इंडिया की सीईओ जयंती गांगुली के अनुसार, दिवाली भावनाओं, उपहार और घर की सजावट से जुड़ी खरीदारी का अवसर है, जबकि ब्लैक फ्राइडे सोच-समझकर की जाने वाली, किफायती और व्यक्तिगत जरूरतों (जैसे फर्नीचर, किचनवेयर, वार्डरोब अपडेट) की खरीदारी का मौका है। इस दौरान कंपनी के बास्केट साइज में 25–30 फीसदी तक की वृद्धि देखी जाती है।
मिंत्रा के अनुसार, ब्लैक फ्राइडे में बिकने वाले करीब 30% स्टाइल नए कलेक्शन से होते हैं और मांग सामान्य दिनों से डेढ़ गुना तक बढ़ जाती है।
टाटा क्लिक में दैनिक बिक्री दोगुनी से तीन गुना तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, हैंडबैग ब्रांड मिराजियो ने शुरुआती दो दिनों में ही पिछले साल की 10 दिन की सेल के मुकाबले दोगुनी बिक्री दर्ज की।