कुछ दिनों पहले पेट्रोलियम मंत्रालय ने पेट्रोल-डीजल की होम डिलीवरी करने की इच्छा जताई थी, जिसको पूरा करने के लिए एक प्राइवेट कंपनी ने बंगलुरू में इस योजना को शुरू कर दिया है। फिलहाल यह कंपनी केवल डीजल की सप्लाई कर रही है।
कंपनी को 20 बड़े ग्राहक भी मिल गए हैं जिनमें स्कूल और सोसाइटी शामिल हैं, जिनको रोजाना डीजल सप्लाई किया जा रहा है।
वेबसाइट, फोन पर करना होता है कॉल
इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार, कंपनी ने इसके लिए माईपेट्रोलपंप.कॉम नाम से एक वेबसाइट शुरू की है, जिसके जरिए ऑर्डर लिया जाता है। 100 लीटर तक की डिलीवरी के लिए 99 रुपये चार्ज किए जाते हैं, जबकि इससे ऊपर डीजल खरीदने पर 1 रुपये प्रति लीटर चार्ज लिया जाता है।
कंपनी एक स्टार्टअप है जिसे धनबाद के रहने वाले आशीष गुप्ता ने शुरू किया है। गुप्ता के मुताबिक उन्होंने पेट्रोलियम मंत्रालय से इसके लिए मंजूरी ले रखी है। वो केवल ऑर्डर मिलने पर पेट्रोल पंप से डीजल खरीदकर उसकी सप्लाई कर देते हैं। उन्होने कहा कि आने वाले समय में वो पेट्रोल की सप्लाई भी शुरू करेंगे।