Sone Chandi ka Aaj ka Rate: वैश्विक तनाव का असर सोने-चांदी की कीमतों में देखने को मिल रहा है। चांदी की कीमत 2410 रुपये गिरकर 2.67 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 530 रुपये गिरकर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। मजबूत अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण निवेशकों की सतर्कता बढ़ गई, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा।
दूसरी ओर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने महंगाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अमेरिका का उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) फरवरी में 0.3% बढ़ा, जो जनवरी के 0.2% से अधिक है और अनुमान के अनुरूप है। सालाना आधार पर महंगाई दर फरवरी में 2.4% रही।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, मेलबर्न स्थित वैंटेज मार्केट्स की विश्लेषक हेबे चेन का मानना है कि सोने में आई यह गिरावट कमजोरी नहीं बल्कि बाजार में अस्थायी ठहराव का संकेत है। उनके अनुसार, महंगाई बढ़ने की आशंका ने डॉलर को मजबूत कर दिया है और इससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा जल्द ब्याज दर घटाने की उम्मीदें फिलहाल टल गई हैं। इसी वजह से निवेशकों ने कुछ समय के लिए सोने से दूरी बना ली है, क्योंकि बाजार में आमतौर पर एक समय में एक ही सुरक्षित निवेश को प्राथमिकता मिलती है।