Sone Chandi ka Aaj ka Rate: सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना और चांदी की कीमतों में मंगलवार को तेजी देखने को मिली। अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने और पश्चिम एशिया के हालात को लेकर बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच निवेशकों ने फिर से बुलियन में खरीदारी बढ़ाई। चांदी की कीमत 9250 रुपये बढ़कर 2.77 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 1230 रुपये बढ़कर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
एशियाई कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड की कीमत करीब 1% बढ़कर 5,145 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई, जबकि स्पॉट सिल्वर में तेज उछाल आया और इसकी कीमत लगभग 4% बढ़कर 87.9 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई।
हालांकि इससे पहले दोनों धातुओं में कुछ गिरावट भी देखी गई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि ईरान के साथ जारी संघर्ष लगभग खत्म होने की स्थिति में है। इस बयान के बाद निवेशकों का सुरक्षित निवेश की ओर झुकाव कुछ कम हुआ था।