घरेलू शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली का सिलसिला हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भी जारी रहा। कमजोर एशियाई बाजारों और विदेशी निवेशकों की निकासी के चलते घरेलू बाजार गुरुवार को भी लाल निशान पर बंद हुआ था। शुक्रवार को बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स 500 अंकों तक फिसल गया, वहीं निफ्टी 22800 के नीचे आ गया। सुबह 11 बजकर 56 मिनट पर सेंसेक्स 399.75 (0.52%) अंक गिरकर 75,342.16 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, निफ्टी 115.41 (0.50%) फिसलकर 115.41 (0.50%) पर पहुंच गया।
आज ऐसी रही बाजार की चाल
विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 202.21 अंक की गिरावट के साथ 75,533.75 अंक पर और एनएसई निफ्टी 63.5 अंक फिसलकर 22,849.65 अंक पर रहा।
किसे फायदा, किसे नुकसान?
सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, मारुति और सन फार्मा के शेयर में सबसे अधिक गिरावट आई। वहीं जोमैटो, टाटा स्टील, एनटीपीसी और लार्सन एंड टूब्रो के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में जापान का निक्की तथा दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान जबकि हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट फायदे में रहे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
रुपया शुरुआती कारोबार में 14 पैसे की बढ़त के साथ 86.50 प्रति डॉलर पर
रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 14 पैसे मजबूत होकर 86.50 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 86.50 पर खुला, जो पिछले बंद भाव से 14 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया गुरुवार को 34 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.64 पर बंद हुआ था।