सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन हरे निशान पर खुला और दिनभर के कारोबार के बाद अंत में जोरदार बढ़त लेते हुए बंद हुआ । बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 632 अंक या 1.17 फीसदी की जोरदार उछाल के साथ 54,885 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 182 अंक या 1.13 फीसदी की तेजी लेते हुए 16,352 के स्तर पर बंद हुआ।
इससे पहले बीएसई का सेंसेक्स सूचकांक 442 अंक या 0.81 फीसदी बढ़कर 54,695 के स्तर पर खुला था, जबकि एनएसई के निफ्टी सूचकांक ने 138 अंक या 0.86 फीसदी उछाल के साथ 16,308 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की थी। बाजार खुलने के साथ लगभग 1409 शेयरों में तेजी और 336 शेयरों में गिरावट आई थी।
बीते कारोबारी दिन शेयर बाजार के दो इंडेक्स ने लगातार जारी गिरावट पर ब्रेक लगाते हुए बढ़त हासिल की थी। गुरुवार को बीएसई का सेंसेक्स 503 अंक या 0.94 फीसदी की तेजी लेते हुए 54,252 के स्तर पर बंद हुआ था, वहीं एनएसई का निफ्टी 144 अंक या 0.90 फीसदी की उछाल के साथ 16,170 के स्तर पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर उपलब्ध अनंतिम आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 1,597.84 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं, जबकि इसके विपरीत घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) 26 मई को 2,906.46 करोड़ रुपये के शेयरों के शुद्ध खरीदार बने रहे।
इस बीच आपको बता दें कि ऑनलाइन ब्यूटी मार्केटप्लेस नायका ने अपने चौथी तिमाही के नतीजे पेश कर दिए हैं। 31 मार्च 2022 को समाप्त हुई तिमाही में कंपनी का मुनाफा कम हुआ है। इसमें 49 फीसदी की गिरावट आई है और यह घटकर 8.56 करोड़ रुपये पर आ गया है। एक साल पहले की समान अवधि की बात करें तो कंपनी का मुनाफा 16.88 करोड़ रुपये रहा था। इससे पहले दिसंबर तिमाही की बात करें तो नायका का मुनाफा 27.93 करोड़ रुपये रहा था।