मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में तेजी आई लेकिन चांदी सस्ती हुई। राष्ट्रीय राजधानी में आज सोना 116 रुपये बढ़कर 44,374 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सोना पिछले कारोबार में 44,258 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वैश्विक कीमतों में आई तेजी से घरेलू बाजार में सोना महंगा हुआ।
117 रुपये सस्ती हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो यह 117 रुपये गिरकर 65,299 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी दिवस में चांदी 65,416 रुपये पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,738 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया जबकि चांदी की कीमत 25.53 डॉलर प्रति औंस रही।
तीन वर्षों में 9000 किलोग्राम डिजिटल सोने की बिक्री
देश में पिछले तीन साल में 8,000 से 9,000 किलोग्राम डिजिटल गोल्ड की खरीद-बिक्री हुई है। इसमें अब तक सात-आठ करोड़ लोग निवेश कर चुके हैं। इस कारोबार से जुड़े जानकारों का कहना है कि मध्य वर्ग परिवारों में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव और घर में रखने पर चोरी को लेकर हमेशा डर बना रहता है। वहीं, डिजिटल गोल्ड की खरीद में ऐसी कोई समस्या नहीं हैं। उनका कहना है कि वर्तमान में जब तकनीक और निवेश के लिए नए रास्ते तलाशे जा रहे हैं तो इसमें डिजिटल गोल्ड की भी मजबूत जगह बनती जा रही है।
क्या है डिजिटल गोल्ड?
हालांकि, विदेश में इसका चलन पहले से है, लेकिन भारत में तीन वर्षों से इसमें वृद्धि देखी जा रही है। डिजिटल गोल्ड का मतलब है कि जब कोई व्यक्ति ऑनलाइन सोना खरीदता है तो सराफा कंपनियां उस कीमत का सोना अपने लॉकर में रख देती हैं। इसके बदले ग्राहक को एक रसीद मिलती है। जैसे-जैसे आप इसमें निवेश करते जाते हैं, आपके लॉकर में सोना बढ़ता जाता है। जरूरत पड़ने पर इसे ऑनलाइन बेच भी सकते हैं।
सोने का सबसे बड़ा आयातक देश है भारत
भारत दुनिया का सबसे बड़ा सोने का आयातक देश है। मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए सोने का आयात किया जाता है। मात्रा के हिसाब से भारत सालाना 800 से 900 टन सोने का आयात करता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है।