आज साल 2020 के आखिरी कारोबारी सत्र में भारतीय बाजारों में सोने और चांदी की वायदा कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन पूरे साल इसमें मजबूती रही। एमसीएक्स पर सोने का वायदा भाव 0.08 फीसदी घटकर 50,097 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि चांदी वायदा 0.12 फीसदी घटकर 68,531 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। सोना पिछले दो हफ्तों से 50,000 और 50,500 के बीच कारोबार कर रहा है।
कोटक सिक्योरिटीज ने एक नोट में कहा कि कोरोना वायरस महामारी की वैक्सीन रोलआउट होने के बाद निवेशक की नजर वैश्विक स्तर पर बिगड़ती वायरस की स्थिति के प्रभाव पर है। ब्रिटेन बुधवार को ऑक्सफर्ड विश्वविद्यालय और एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित एक टीके को मंजूरी देने वाला पहला देश बन गया।
वैश्विक बाजारों में उछाल
वैश्विक बाजारों में आज कमजोर अमेरिकी डॉलर से सोने की वायदा कीमत बढ़ी। तत्काल डिलीवरी के लिए सोना 0.2 फीसदी बढ़कर 1,897.67 डॉलर प्रति औंस था। मालूम हो कि कीमती धातु इस वर्ष लगभग 24 फीसदी बढ़ी है। वहीं अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आई गिरावट के कारण भारत में यह आंकड़ा 27 फीसदी है। भारत अपने सोने के ज्यादातर आयात करता है।
चांदी की बात करें, तो इस साल चांदी हाजिर 26.6448 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। यह 49 फीसदी बढ़ी है। प्लैटिनम 0.1 फीसदी बढ़कर 1,066.91 और पैलेडियम 0.2 फीसदी बढ़कर 2,366.01 डॉलर पर था।
निवेशकों के लिए सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना
निवेशक सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond) योजना के तहत बाजार मूल्य से काफी कम दाम में सोना खरीद सकते हैं। यह योजना सिर्फ पांच दिन के लिए खुली है और एक जनवरी 2021 इसका आखिरी दिन है। इसलिए अगर आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, तो देर ना करें। इसकी बिक्री पर होने वाले लाभ पर आयकर नियमों के तहत छूट के साथ और कई लाभ मिलेंगे।
सस्ते में सोना खरीदने का मौका
योजना के तहत निवेश करने की अवधि 28 दिसंबर 2020 से शुरू हो गई है और एक जनवरी 2021 को इसका आखिरी दिन है। सरकार की ओर से योजना में निवेश के लिए पांच दिन तक का समय दिया गया है। सरकार की ओर से गोल्ड बॉन्ड में निवेश के लिए यह वित्त वर्ष 2020-21 की नौवीं श्रृंखला है। पहली श्रृंखला 20 अप्रैल 2020 से शुरू होकर 24 अप्रैल 2020 को समाप्त हुई थी।