पिछले कारोबारी सत्र में आई गिरावट को जारी रखते हुए आज भी राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में गिरावट दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, घरेलू बाजार में सोने की कीमत में 141 रुपये की गिरावट आई और यह 48,509 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पीली धातु पिछले कारोबारी दिन 48,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
चांदी की कीमत में मामूली बढ़ोतरी
चांदी की बात करें, तो पिछले कारोबारी सत्र के 65,976 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले आज चांदी का भाव 43 रुपये बढ़कर 66,019 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमश: 1,853.26 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस 25.55 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के स्तर पर था।
2020 में 25 फीसदी बढ़ा सोना
कोरोना के आर्थिक प्रभाव का मुकाबला करने के लिए साल 2020 में बड़े पैमाने पर प्रोत्साहन से सोने को फायदा हुआ है। 2020 में यह 25 फीसदी बढ़ा है। महंगाई और मुद्रा में गिरावट के खिलाफ सोने को बचाव के रूप में देखा जाता है। चांदी की बात करें, तो इस दौरान इसमें 50 फीसदी की तेजी आई थी।
आर्थिक सुधार से इस साल बढ़ सकती है सोने की मांग
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) की एक रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के उबरने के साथ भारत में 2021 के दौरान उपभोक्ता भावनाओं में सुधार हो रहा है और सोने की मांग सकारात्मक दिखाई दे रही है। रिपोर्ट के मुताबिक नवंबर में धनतेरस के शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि आभूषणों की मांग औसत से कम थी, लेकिन इसमें पिछले साल की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून 2020) के निचले स्तर के मुकाबले काफी सुधार हुआ। रिपोर्ट में आगे कहा गया कि वैश्विक आर्थिक वृद्धि कुछ समय के लिए अपनी पूर्ण क्षमता के मुकाबले सुस्त बनी रहेगी, लेकिन पिछले कुछ समय से सोने की कीमतों में स्थिरता के चलते उपभोक्ताओं के लिए खरीद के अवसर बढ़ेंगे।