शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में मामूली तेजी आई। वहीं चांदी पहले के मुकाबले सस्ती हुई। राष्ट्रीय राजधानी में आज सोना 168 रुपये बढ़कर 44,580 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सोना पिछले कारोबार में 44,412 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
135 रुपये सस्ती हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो यह 135 रुपये गिरकर 66,706 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी दिवस में चांदी 66,841 रुपये पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़कर 1,741 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया जबकि चांदी की कीमत 26.12 डॉलर प्रति औंस पर सपाट थी।
सरकार ने सोने-चांदी पर घटाया था आयात शुल्क
सरकार ने एक फरवरी को सोने और चांदी पर आयात शुल्क में कटौती की घोषणा की। इस कदम से घरेलू बाजार में इन मूल्यवान धातुओं की कीमतों को नीचे लाने में मदद मिलेगी तथा रत्न एवं आभूषण निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2021-22 का बजट पेश करते हुए कहा कि, 'वर्तमान में सोना और चांदी पर 12.5 फीसदी सीमा शुल्क लगाया जाता है। चूंकि, जुलाई 2019 में शुल्क 10 फीसदी से बढ़ा दिया गया था, इसलिए कीमती धातुओं के मूल्य में तेजी से वृद्धि हुई, इसे पिछले स्तर के करीब लाने के लिए हम सोना और चांदी पर सीमा शुल्क को युक्तिसंगत बना रहे हैं।' सोना और चांदी पर सीमा शुल्क कम कर 7.5 फीसदी किया गया है।
आभूषण उद्योग ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा है कि यह खुदरा मांग को बढ़ावा दे सकता है और दुनिया के दूसरे सबसे बड़े सर्राफा उपभोक्ता में तस्करी पर अंकुश लगा सकता है। विश्लेषकों का कहना है कि भारत से सोने की मांग बढ़ने से वैश्विक कीमतों को सहारा मिल सकता है।
कोविड-19 के चलते प्रभावित हुई आभूषणों की मांग
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020 में भारत की सोने की मांग 35.34 फीसदी घटकर 446.4 टन रह गई, जो 2019 में 690.4 टन थी। डब्ल्यूजीसी के आंकड़ों के अनुसार बीते साल मूल्य के हिसाब से सोने की मांग में 14 फीसदी की गिरावट आई और यह घटकर 1,88,280 करोड़ रुपये रह गई। 2019 में मूल्य के हिसाब से सोने की मांग 2,17,770 करोड़ रुपये रही थी।