शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में मामूली बढ़ोतरी हुई। वहीं चांदी में गिरावट दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, वैश्विक बाजारों के अनुरूप आज सोने का भाव 21 रुपये बढ़कर 49,644 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पीली धातु पिछले कारोबारी दिन 49,623 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
259 रुपये सस्ती हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो पिछले कारोबारी सत्र के 67,043 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले आज चांदी का भाव 259 रुपये कम होकर 66,784 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमश: 1,879 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस और 25.71 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के स्तर पर था।
भारत के पास इतना है सोने का भंडार
मालूम हो कि वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (World Gold Council) की रिपोर्ट के अनुसार मौजूदा समय में भारत के पास 653 मीट्रिक टन सोना है। इसके साथ ही सबसे ज्यादा गोल्ड रिजर्व के मामले में भारत दुनिया में 9वें स्थान पर आता है। यह उसके कुल विदेशी मुद्रा भंडार का करीब 7.4 फीसदी है।
सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है भारत
भारत में सोने का आयात अगस्त में बढ़कर 3.7 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी महीने में 1.36 अरब डॉलर था। चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है। भारत में सोने पर 12.5 फीसदी आयात शुल्क और तीन फीसदी जीएसटी लगता है।