सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार मामूली बढ़त पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 12.51 अंक यानी 0.03 फीसदी की बढ़त के बाद 41,270.25 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 14.25 अंक यानी 0.12 फीसदी की बढ़त के बाद 12,127.70 के स्तर पर खुला।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज यस बैंक, गेल, हीरो मोटोकॉर्प, इंडसइंड बैंक, सन फार्मा, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और वेदांता लिमिटेड के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं इंफ्राटेल, ओएनजीसी, आईसीआईसीआई बैंक, सिप्ला, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एम एंड एम, एचसीएल टेक और टाइटन के शेयर लाल निशान पर खुले।
एयरटेल व वोडाफोन आइडिया के शेयर में बढ़त
टेलीकॉम ऑपरेटर्स भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया, आदि सोमवार को समायोजित सकल आय (एजीआर) का बकाया भुगतान कर सकते हैं। भुगतान के संकेतों के चलते इन कंपनियों के शेयर में बढ़त देखने को मिल रही है। सोमवार सुबह 10:35 बजे वोजाफोन आइडिया का शेयर 0.35 अंक यानी 10.29 फीसदी की बढ़त के बाद 3.75 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में यह 3.70 के स्तर पर खुला था। जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 3.40 के स्तर पर बंद हुआ था। भारती एयरटेल की बात करें, तो सोमवार को इसमें भी बढ़त देखी जा रही है। यह 0.80 अंक यानी 0.14 फीसदी की बढ़त के बाद 565.80 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में यह 564.95 के स्तर पर खुला था।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स हरे निशान पर खुले। इनमें प्राइवेट बैंक, एफएमसीजी, ऑटो, रियल्टी, आईटी, फार्मा, मेटल, पीएसयू बैंक और मीडिया शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9:10 बजे शेयर मार्केट बढ़त पर था। सेंसेक्स 66.30 अंक यानी 0.16 फीसदी की बढ़त के बाद 41,324.04 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 18.35 अंक यानी 0.15 फीसदी की बढ़त के बाद 12,131.80 के स्तर पर था।
डॉलर के मुकाबले 71.43 के स्तर पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले आज रुपया सात पैसे की गिरावट के बाद 71.43 के स्तर पर खुला। इससे पहले शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 71.36 के स्तर पर बंद हुआ था।
शुक्रवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 202.05 अंक यानी 0.49 फीसदी की गिरावट के बाद 41,257.74 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 61.20 अंक यानी 0.50 फीसदी की गिरावट के बाद 12,113.45 के स्तर पर बंद हुआ था।
पिछले कारोबारी दिन हरे निशान पर खुला था बाजार
इससे पहले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स 152.60 अंक यानी 0.37 फीसदी की बढ़त के बाद 41,612.39 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 28.60 अंक यानी 0.23 फीसदी की बढ़त के बाद 12,203.25 के स्तर पर खुला था।