सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार सपाट स्तर पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 3.24 अंक यानी 0.01 फीसदी की बढ़त के बाद 41,645.90 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 11.75 अंक यानी 0.10 फीसदी की गिरावट के बाद 12,251 के स्तर पर खुला।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो यस बैंक, जी लिमिटेड, इंडसइंड बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, अडाणी पोर्ट्स, टाइटन, एम एंड एम, अल्ट्राटेक सीमेंट और आईओसी के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं गिरावट वाले दिग्गज शेयरों की बात करें, तो इनमें एचसीएल टेक, इंफ्राटेल, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, विप्रो, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एक्सिस बैंक और सन फार्मा के शेयर शामिल हैं।
10 लाख करोड़ से कम हुई रिलायंस की बाजार हैसियत
मंगलवार को सुबह 9.27 बजे रिलायंस का शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहा था। 1,568.90 के स्तर पर खुलने के बाद यह 1,568.30 के स्तर पर था। जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 1,571.40 के स्तर पर बंद हुआ था। इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में भी गिरावट आई। 10 लाख करोड़ के बाजार पूंजीकरण वाली देश की पहली कंपनी बनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत अब गिरकर 9.94 लाख करोड़ पर आ गई है।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर खुले। इनमें पीएसयू बैंक, मेटल, ऑटो, रियल्टी, फार्मा, मीडिया, एफएमसीजी और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9:11 बजे शेयर मार्केट हरे निशान पर था। सेंसेक्स 41.85 अंक यानी 0.10 फीसदी की बढ़त के बाद 41,684.51 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 6.50 अंक यानी 0.05 फीसदी की बढ़त के बाद 12,269.25 के स्तर पर था।
71.21 के स्तर पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले आज रुपया तीन पैसे की गिरावट के बाद 71.21 के स्तर पर खुला। वहीं पिछले कारोबारी दिन डॉलर के मुकाबले रुपया 71.18 के स्तर पर बंद हुआ था।
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 88.91 अंक यानी 0.21 फीसदी की गिरावट के बाद 41,592.63 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 27.45 अंक यानी 0.22 फीसदी की गिरावट के बाद 12,244.35 के स्तर पर खुला था।
सोमवार को 41,642.66 के स्तर पर बंद हुआ था सेंसेक्स
सोमवार को शेयर बाजार लाल निशान बंद हुआ। सेंसेक्स 38.88 अंक यानी 0.09 फीसदी की गिरावट के बाद 41,642.66 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 5.65 अंक यानी 0.05 फीसदी की गिरावट के बाद 12,266.15 के स्तर पर बंद हुआ।