वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत मिलने पर देश के शेयर बाजारों में भी तेजी देखी गई। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1.47 फीसदी की बढ़त के साथ 558.22 अंक ऊपर 38492.95 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.52 फीसदी ऊपर 168.75 अंकों की बढ़त के साथ 11300.55 के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि निवेशकों का ध्यान लगातार बढ़ते कोविड-19 मामलों पर भी है। साथ ही अमेरिका-चीन के बीच बढ़ती तनातनी पर भी नजर लगाए हुए हैं।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस, ग्रासिम, कोटक बैंक, इंडसइंड बंक, टाटा मोटर्स, एम एंड एम, हिंडाल्को, श्री सीमेंट और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, इंफ्राटेल, नेस्ले इंडिया, एशियन पेंट्स, ओएनजीसी, आईओसी, जी लिमिटेड और आईओसी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज मीडिया के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें आईटी, मेटल, फार्मा, बैंक, प्राइवेट बैंक, एफएमसीजी, रियल्टी, पीएसयू बैंक और ऑटो शामिल हैं।
बढ़त पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त पर हुई थी। सेंसेक्स 158.58 अंक यानी 0.42 फीसदी ऊपर 38093.31 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.42 फीसदी यानी 46.45 अंकों की बढ़त के साथ 11178.25 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार गिरावट पर बंद हुआ था। कल सेंसेक्स 0.51 फीसदी की गिरावट के साथ 194.17 अंक नीचे 37934.73 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.56 फीसदी नीचे 62.35 अंकों की गिरावट के साथ 11131.80 के स्तर पर बंद हुआ था।