फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sensex Nifty Today: मुनाफा वसूली से बाजार में भारी गिरावट, 599 अंक लुढ़ककर 40000 के नीचे बंद हुआ सेंसेक्स

Wed, 28 Oct 2020 03:47 PM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
शेयर बाजार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कमजोर वैश्विक संकेतों व मुनाफा वसूली से सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1.48 फीसदी की गिरावट के साथ 599.64 अंक नीचे 39922.46 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.34 फीसदी (159.80 अंक) की गिरावट के साथ 11729.60 के स्तर पर बंद हुआ। 

विज्ञापन


विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को सकल आधार पर 3,514.89 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। 

इसलिए आई गिरावट

  • दुनिया में कोरोना महामारी का प्रकोप बढ़ रहा है। अमेरिका, रूस, फ्रांस और अन्य यूरोप के देशों में वायरस दोबारा तेजी से फैलने लगा है। इसलिए कई देशों में नए प्रतिबंध भी लगाए हैं।
  • अमेरिका में तीन नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को देखते हुए निवेशक बाजार में निवेश को लेकर सतर्क हैं।
  • अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि प्रोत्साहन पैकेज को चुनाव के बाद जारी किया जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि रिपब्लिकन पार्टी और डेमोक्रेट्स के बीच इस मुद्दे पर बातचीत सही दिशा में नहीं पहुंच सकी।

विश्वभर के बाजारों में भारी गिरावट

विज्ञापन

मंगलवार को विश्वभर के बाजारों में गिरावट देखने को मिली थी। अमेरिका का डाउ जोंस इंडेक्स 0.80 फीसदी की गिरावट के साथ 222.19 अंक नीचे 27,463.20 पर बंद हुआ था। एसएंडपी 0.30 फीसदी गिरावट के साथ 10.29 अंक नीचे 3,390.68 पर बंद हुआ था। वहीं नैस्डैक 0.82 फीसदी बढ़त के साथ 94.43 अंक ऊपर 11,599.00 पर बंद हुआ था। इसका आज भारतीय शेयर बाजार पर असर पड़ा।

एयरटेल के शेयर में उछाल
मंगलवार को भारती एयरटेल ने दूसरी तिमाही के नतीजे घोषित किए। कंपनी ने कहा कि सितंबर में समाप्त तिमाही के दौरान उसका शुद्ध घाटा एक साल पहले के 23,405 करोड़ रुपये की तुलना में घटकर 763 करोड़ रुपये रहा। इस दूरसंचार कंपनी की परिचालन से आय 22 फीसदी बढ़कर 25,785 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल 21,131 करोड़ रुपये रही थी। इसके बाद आज एयरटेल के शेयर में 14.40 अंक (3.32 फीसदी) का उछाल आया और यह 447.75 के स्तर पर बंद हुआ। जबकि शुरुआती कारोबार में यह 446 के स्तर पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन 433.35 के स्तर पर बंद हुआ था।

ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज भारती एयरटेल, यूपीएल, एम एंड एम, आइशर मोटर्स और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं एचडीएफसी, इंडसइंड बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, डॉक्टर रेड्डी और अडाणी पोर्ट्स के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। 

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें आईटी, रियल्टी, सरकारी बैंक, बैंक, प्राइवेट बैंक, फार्मा, मीडिया, एफएमसीजी, ऑटो, फाइनेंस सर्विसेज और मेटल शामिल हैं।  

मामूली गिरावट पर खुला था बाजार
आज सेंसेक्स 49.58 अंक (0.12 फीसदी) नीचे 40472.52 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की शुरुआत 14.60 अंकों की गिरावट (0.12 फीसदी) की साथ 11874.80 पर हुई थी। 

पिछले कारोबारी दिन हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.94 फीसदी की तेजी के साथ 376.60 अंक ऊपर 40522.10 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 1.03 फीसदी (121.65 अंक) की बढ;त के साथ 11889.40 के स्तर पर बंद हुआ था।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें