बजट 2021 से पहले घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। बढ़त पर खुलने के बाद आज सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को शेयर बाजार गिरावट पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 80.74 अंक नीचे 48093.32 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 8.90 अंक (0.06 फीसदी) की मामूली गिरावट के साथ 14137.35 के स्तर पर बंद हुआ।
बजट से पहले बाजार में उतार-चढ़ाव
केंद्रीय बजट से पहले निवेशक निवेश को लेकर चिंतित हैं क्योंकि ज्यादातर मार्केट विश्लेषकों के अनुसार, कोरोना के चलते इस बार का बजट उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। इसलिए बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। आज एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स 485 अंक ऊपर 27,541 पर कारोबार कर रहा था। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 12 अंकों की बढ़त के साथ 3,563 पर कारोबार कर रहा था। वहीं हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 64 अंकों की गिरावट के साथ 27,628 पर कारोबार कर रहा था।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज भारती एयरटेल, हिंडाल्को, टाटा स्टील, अडाणी पोर्ट्स और इंडसइंड बैंक के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं नेस्ले इंडिया, एचडीएफसी लाइफ, टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर और डिविस लैब के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज एफएमसीजी, आईटी और फार्मा के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें मेटल, बैंक, मीडिया, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, फाइनेंस सर्विसेज, ऑटो और पीएसयू बैंक शामिल हैं।
2020 में बाजार में जारी रही उठा-पटक
शेयर बाजारों के लिए साल 2020 काफी घटनाक्रमों वाला रहा। मार्च 2020 में भारत में कोरोना वायरस महामारी ने दस्तक दी। कोरोना वायरस से शेयर बाजार भी अछूता नहीं रहा। घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। मार्च में जहां शेयर बाजार धड़ाम हुआ था, वहीं साल के अंत में सेंसेक्स-निफ्टी ने 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली।
बढ़त पर खुला था बाजार
आज घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त पर हुई थी। इंडेक्स सेंसेक्स 285.67 अंक (0.59 फीसदी) ऊपर 48459.73 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 83.70 अंक (0.59 फीसदी) ऊपर 14230 के स्तर पर खुला था।
बुधवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
बुधवार को घरेलू शेयर बाजार रिकॉर्ड स्तर पर खुलने के बाद लाल निशान पर बंद हुआ था। इससे पहले कई दिनों से सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी बरकरार थी। सेंसेक्स 0.54 फीसदी की गिरावट के साथ 263.72 अंक नीचे 48174.06 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 53.25 अंक (0.38 फीसदी) की गिरावट के साथ 14146.25 के स्तर पर बंद हुआ था।