देश में कोरोना के टीकों के आपात उपयोग की मंजूरी से निवेशकों में उत्साह है। आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी दर्ज की गई और यह उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.64 फीसदी की तेजी के साथ 307.82 अंक ऊपर 48176.80 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 114.40 अंक (0.82 फीसदी) की बढ़त के साथ 14132.90 के स्तर पर बंद हुआ।
2020 में बाजार में जारी रही उठा-पटक
शेयर बाजारों के लिए साल 2020 काफी घटनाक्रमों वाला रहा। मार्च 2020 में भारत में कोरोना वायरस महामारी ने दस्तक दी। कोरोना वायरस से शेयर बाजार भी अछूता नहीं रहा। घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। मार्च में जहां शेयर बाजार धड़ाम हुआ था, वहीं साल के अंत में सेंसेक्स-निफ्टी ने 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज टीसीएस, हिंडाल्को, टाटा स्टील, ओएनजीसी औऱ इचर मोटर्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं हीरो मोटोकॉर्प, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, अडाणी पोर्ट्स और एशियन पेंट्स के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज बैंक और प्राइवेट बैंक के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें पीएसयू बैंक, फाइनेंस सर्विसेज, एफएमसीजी, आईटी, फार्मा, रियल्टी, मीडिया, ऑटो और मेटल शामिल हैं।
शीर्ष 10 कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण में उछाल
पिछले सप्ताह देश की 10 सर्वाधिक मूल्यवान कंपनियों से सात के बाजार पूंजीकरण में कुल मिलाकर 75,845.46 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसमें सर्वाधिक लाभ एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक को हुआ। इनके साथ ही टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इंफोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बाजाज फाइनेंस लाभ में रहीं। दूसरी तरफ रिलायंस इंडसट्रीज लिमिटेड (आरआईएल), हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड और भारतीय एयरटेल के बाजार पूंजीकरण (एमकैप) में गिरावट दर्ज की गई। मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज शीर्ष पर रही। इसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, इंफोसिस, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज, फाइनेंस और भारती एयरटेल का स्थान रहा।
रिकॉर्ड स्तर पर खुला था बाजार
आज घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत रिकॉर्ड स्तर पर हुई थी। सेंसेक्स 236.65 अंक (0.49 फीसदी) ऊपर 48,105.63 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.53 फीसदी (74.40 अंक) ऊपर 14,092.90 के स्तर पर खुला था।
शुक्रवार को बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
शुक्रवार को शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.25 फीसदी की तेजी के साथ 117.65 अंक ऊपर 47868.98 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 36.75 अंक (0.26 फीसदी) की बढ़त के साथ 14018.50 के स्तर पर बंद हुआ था।