फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sensex Nifty Today: शेयर बाजार में लगातार छठवें दिन तेजी, 13700 के पार बंद हुआ निफ्टी

Fri, 18 Dec 2020 03:48 PM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
शेयर बाजार - फोटो : अमर उजाला--रोहित झा
विज्ञापन

विदेशों से निवेश प्रवाह जारी रहने के बीच आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ। यह लगातार छठवां सत्र है जब घरेलू बाजार में उछाल आया। हालांकि, मुनाफा वसूली चलने से बाजार में उतार - चढ़ाव का रुख दिखाई दिया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.15 फीसदी की बढ़त के साथ 70.35 अंक ऊपर 46960.69 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.14 फीसदी (19.85 अंक) की तेजी के साथ 13760.55 के स्तर पर बंद हुआ। सूचकांक ने वर्ष 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली है। यह एक जनवरी 2020 को 41,306.02 पर बंद हुआ था। हालांकि विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए। 

विज्ञापन


अमेरिकी बाजारों में तेजी के बाद एशियाई बाजारों में गिरावट
अमेरिका में वॉल स्ट्रीट के नई ऊंचाई पर पहुंचने के बाद शुक्रवार को एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट का रुख रहा। अमेरिका में बेरोजगारी दावा करने वालों की संख्या बढ़ने के बावजूद आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज की उम्मीद बढ़ने और कोरोना वायरस टीका लगना शुरू होने संबंधी घटनाक्रम से बाजार रिकार्ड तेजी में दिखे। इधर, शंघाई, टोक्यो और हांगकांग के बाजारों में ऊंचाई से नीचे आने का रुख रहा। अमेरिका में नए आर्थिक पैकेज को लेकर प्रगति दिखने से वॉल स्ट्रीट का एस एंड पी 500 सूचकांक लगातार तीसरे दिन बढ़त में रहा। हालांकि, अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते का दावा करने वालों की संख्या बढ़ी है और यह पिछले तीन माह में सबसे ज्यादा रही है। 

ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज डॉक्टर रेड्डी, बजाज ऑटो, इंफोसिस, विप्रो और सिप्ला के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, ओएनजीसी, मारुति और आईओसी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। 
विज्ञापन


सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज फार्मा, आईटी और एफएमसीजी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें फाइनेंस सर्विसेज, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, बैंक, पीएसयू बैंक, मीडिया, ऑटो और मेटल शामिल हैं।

भारत में लगातार बढ़ रहा है एफडीआई
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि देश में विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने वाली नीतियों के चलते प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अप्रैल-सितंबर 2020 के दौरान एफडीआई 13 फीसदी बढ़कर लगभग 40 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। उन्होंने सीआईआई के 'पार्टनरशिप समिट 2020' में कहा, 'भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश लगातार बढ़ रहा है। इस साल के पहले नौ महीनों में कोविड-19 महामारी के बावजूद हमारा एफडीआई बढ़ा है और आज हमारी एफडीआई नीति दुनिया में सबसे सुविधाजनक और अनुकूल नीतियों में एक है।'

हरे निशान पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स 36.41 अंक (0.08 फीसदी) की बढ़त के साथ 46926.75 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की शुरुआत 0.09 फीसदी (12.30 अंक) ऊपर 13753 के स्तर पर हुई थी। 

गुरुवार को बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
गुरुवार को शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स-निफ्टी सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचे थे। सेंसेक्स 0.48 फीसदी की बढ़त के साथ 223.88 अंक ऊपर 46890.34 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.42 फीसदी (58 अंक) की तेजी के साथ 13740.70 के स्तर पर बंद हुआ थी। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें