वैश्विक बाजारों में बिकवाली का दबाव बनने से घरेलू बाजारों में गिरावट देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.45 फीसदी की गिरावट के साथ 171.43 अंक नीचे 38193.92 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.35 फीसदी (39.35 अंक) की गिरावट के साथ 11278 के स्तर पर बंद हुआ।
इन कारकों से प्रभावित हुआ बाजार
भारत-चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ने से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इसके साथ ही वृहद आर्थिक मोर्चे पर अनिश्चितता की वजह से भी निवेशक सतर्क हैं। कोरोना वायरस महामारी के बीच सबकी निगाहें अमेरिका की एस्ट्राजेनेका कंपनी पर टिकीं हुई थीं। एस्ट्राजेनेका ने अपने अंतिम चरण के वैक्सीन ट्रायल पर रोक लगा दी है। इस खबर के चलते अमेरिकी और यूरोपीय शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखने को मिली।
रिलायंस के शेयर में उछाल
जियो प्लेटफॉर्म्स में निवेश जुटाने के बाद अब मुकेश अंबानी अपनी रिटेल कंपनी के लिए फंड जुटाने में लगे हैं। अमेरिका की निजी इक्विटी कंपनी सिल्वर लेक रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की सहायक कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) में 7,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी रिलायंस में 1.75 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी।
इसके बाद रिलायंस के शेयर में उछाल देखा गया। यह 56.45 अंक (2.68 फीसदी) ऊपर 2163.55 पर बंद हुआ। जबकि शुरुआती कारोबार में यह 2085 के स्तर पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन 2107.10 के स्तर पर बंद हुआ था।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज टाटा स्टील, जी लिमिटेड, सिप्ला, ग्रासिम और हिंडाल्को के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं एसबीआई, गेल, एक्सिस बैंक, आईओसी, आईटीसी और ओएनजीसी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज मीडिया, ऑटो, फार्मा और मेटल हरे निशान पर बंद हुए। वहीं फाइनेंस सर्विसेज, बैंक, प्राइवेट बैंक, एफएमसीजी, पीएसयू बैंक और आईटी लाल निशान पर।
हरे निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 243.51 अंक यानी 0.63 फीसदी नीचे 38121.84 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 0.70 फीसदी यानी 79.70 अंकों की गिरावट के साथ 11237.85 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 51.88 अंक गिरकर 38,365.35 अंक पर बंद हुआ था और निफ्टी 37.70 अंकों की गिरावट के साथ 11,317.35 पर बंद हुआ था।