वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को घरेलू शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1.59 फीसदी की बढ़त के साथ 592.97 अंक ऊपर 37981.63 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.60 फीसदी (177.30 अंक) की तेजी के साथ 11227.55 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबारियों के मुताबिक ज्यादातर एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुझान के चलते घरेलू बाजार में भी तेजी रही। हांगकांग, टोक्यो और सियोल के शेयर बाजार दोपहर के सौदों के दौरान बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि शंघाई लाल रंग में था।
इस सप्ताह इन कारकों से प्रभावित होगा बाजार
इस सप्ताह वाहन बिक्री के आंकड़े आने वाले हैं। इन आंकड़ों का इस सप्ताह शेयर बाजार की चाल पर सीधा असर दिखाई देगा। वैश्विक संकेतकों का भी बाजार पर असर पड़ेगा। साथ ही यूरोप में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों से इस सप्ताह बाजार में उतार-चढ़ाव रहेगा।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, ओएनजीसी और टाटा मोटर्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुई। वहीं विप्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले इंडिया और इंफोसिस के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें फाइनेंस सर्विसेज, बैंक, प्राइवेट बैंक, एफएमसीजी, रियल्टी, आईटी, फार्मा, ऑटो, मीडिया, पीएसयू बैंक और मेटल शामिल हैं।
बढ़त पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 215.84 अंक यानी 0.58 फीसदी ऊपर 37604.50 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 0.50 फीसदी यानी 55.10 अंकों की बढ़त के साथ 11105.35 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबरी दिन घरेलू शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 2.28 फीसदी की बढ़त के साथ 835.06 अंक ऊपर 37388.66 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 2.26 फीसदी (244.70 अंक) की तेजी के साथ 11050.25 के स्तर पर बंद हुआ था।