तीन दिनों की मजबूती के बाद आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 487.43 अंक यानी 0.97 फीसदी नीचे 50792.08 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 143.85 अंक यानी 0.95 फीसदी की गिरावट के साथ 15030.95 के स्तर पर बंद हुआ। मालूम हो कि गुरुवार को महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर घरेलू शेयर बाजार बंद था। बीते सप्ताह सेंसेक्स 1,305.33 अंक या 2.65 फीसदी के लाभ में रहा।
इसलिए आई गिरावट
देश में कोरोना वायरस के मामलों में आई तेजी का असर घरेलू बाजार पर पड़ा है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र के अकोला में आज रात आठ बजे से संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का एलान कर दिया गया है। पिछले 24 घंटे में 23,000 से ज्यादा कोरोना के दैनिक मामले सामने आए। ये बीते कुछ दिनों में कोरोना के दैनिक मामलों में सबसे बड़ा आंकड़ा है। यूरोप के शेयर बाजारों में भी गिरावट आई है। हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स भी 2.3 फीसदी की भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। घरेलू बाजार के प्रमुख सेक्टर्स में बारी बिकवाली है।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज बीपीसीएल, पावर ग्रिड, आईओसी, जेएसडब्ल्यू स्टील और टाइटन के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं एचडीएफसी लाइफ, बजाज ऑटो, अडाणी पोर्ट्स, हिंडाल्को और एसबीआई लाइफ के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें फाइनेंस सर्विसेज, एफएमसीजी, ऑटो, प्राइवेट बैंक, रियल्टी, मीडिया, पीएसयू बैंक, आईटी, बैंक, फार्मा और मेटल शामिल हैं।
बढ़त के साथ खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 507.73 अंक (0.99 फीसदी) की तेजी के साथ 51,787.24 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 136.10 अंक यानी 0.90 फीसदी ऊपर 15,310.90 के स्तर पर खुला था।
बुधवार को लगातार तीसरे दिन बढ़त पर बंद हुआ शेयर बाजार
बुधवार को लगातार तीसरे दिन शेयर बाजार में तेजी आई थी। सकारात्मक रुख के बीच दवा, आईटी और वाहन कंपनियों के शेयरों में तेजी से बाजार में मजबूती आई थी। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 254.03 अंक यानी 0.50 फीसदी की बढ़त के साथ 51,279.51 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 76.40 अंक यानी 0.51 फीसदी मजबूत होकर 15,174.80 अंक पर बंद हुआ था।